कालागढ़ पावर हाउस पहुंचकर तीनों टरबाइनों का लिया जायजा, अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश
कालागढ़। उत्तराखंड में मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच UJVNL के प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कालागढ़ स्थित रामगंगा जल विद्युत परियोजना का औचक निरीक्षण किया. MD ने रामगंगा जलाशय के साथ ही पावर हाउस का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं और विद्युत उत्पादन से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया.निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि रामगंगा बांध का जलस्तर 359.360 मीटर चल रहा है.रेड अलर्ट को देखते हुए MD अजय कुमार सिंह ने परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने-अपने कार्यस्थल पर उपलब्ध रहें तथा जलाशय और परियोजना क्षेत्र की स्थिति पर लगातार कड़ी निगरानी बनाए रखें.किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति सामने आने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को सूचना देने के निर्देश भी दिए गए.
पावर हाउस की तीनों टरबाइनों का निरीक्षण
MD UJVNL ने कालागढ़ पावर हाउस में तीनों टरबाइनों का निरीक्षण किया.इस दौरान विद्युत उत्पादन को लेकर चल रहे मेंटेनेंस कार्यों की जानकारी भी ली गई.अधिकारियों ने बताया कि विद्युत उत्पादन शुरू करने के लिए टरबाइनों के मेंटेनेंस का कार्य किया जा रहा है.
धनतेरस से शुरू होगा विद्युत उत्पादन
परियोजना में चल रहे कार्यों को जल्द पूरा कर धनतेरस से विद्युत उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.इस बार परियोजना से रिकॉर्ड विद्युत उत्पादन हासिल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.MD अजय कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए और परियोजना की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो.





