ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को मशहद में दफनाया जाएगा.हालांकि दिन-तारीख तय नहीं है. ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक खामेनेई को इमाम रजा (अलैहिस्सलाम) की दरगाह के पास सुपुर्दे खाक किया जाएगा. खामेनेई का जन्म भी मशहद में ही 1939 में हुआ था.
ईरान के अगले सुप्रीम लीडर का ऐलान खामेनेई को दफनाने के बाद ही किया जाएगा. मंगलवार को खबर आई थी कि कोम में असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने सुप्रीम लीडर के चुनाव के लिए वोटिंग की है.असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स में 88 सदस्य होते हैं, जो देश के सुप्रीम लीडर को चुनते हैं.
दरअसल, 28 फरवरी को US-इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी.तब से पद खाली है.
हालांकि ईरानी अपोजिशन से जुड़े ईरान इंटरनेशनल का दावा है कि असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स ने IRGC के दबाव में खामेनेई के बेटे मोजतबा को अगला सुप्रीम लीडर चुन लिया है.
इधर, इजराइल की सेना (IDF) ने दावा किया है शनिवार से अब तक इज़राइली हवाई हमलों में 300 से ज्यादा ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्चर नष्ट कर दिए हैं.
जंग में ईरान का नुकसान…
4 दिन में 787 लोगों की मौत हो चुकी है.
153 शहरों को निशाना बनाया गया.
कुल 504 जगहों पर 1,039 हमले हुए
यह जानकारी ईरानियन रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने दी है.





