बाँदा,यूपी। यूपी के बाँदा में दुष्कर्म की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां पर गांव के युवक ने शौच के लिए गई 13 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। घटना की जानकारी के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर नाबालिग किशोरी को बांदा महिला अस्पताल मे भर्ती कराया है जहां उसका उपचार किया जा रहा है, किशोरी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मुक़दमा पंजीकृत कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल मामला बाँदा जनपद के बबेरू थाना क्षेत्र के एक गांव का है जहां पर एक 13 साल की किशोरी खेत में शौच के लिए गई थी, तभी खेत में घात लगाए बैठे गांव के युवक हुक़ूमचंद्र ने किशोरी को दबोच लिया और उसके बाद किशोरी के साथ हैवानियत कर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। घटना के बाद किशोरी अपने घर खून से लथपथ हालत में पहुंची और परिजनों से आपबीती बताई। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर किशोरी को महिला जिला अस्पताल बांदा पहुंचाया, जहां पर किशोरी की हालत गंभीर देख डाक्टरों द्वारा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज के बाद पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए महिला जिला अस्पताल में पहुंचाया जहां पर किशोरी का मेडिकल परीक्षण किया गया। वही घटना को अंजाम देने वाला आरोपी पुलिस की पकड़ से फरार चल रहा है। इस घटना के बारे में बाँदा के अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि किशोरी के मेडिकल कराया गया है, आरोपी के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है, गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गयी हैं।
यह भी पढ़े:-





