बद्रीनाथ धाम से आई बड़ी खबर सामने,अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी से वार्ता के बाद मानें अस्थायी कर्मचारी,धरना समाप्त

उत्तराखंड |श्री बदरीनाथ धाम| 27 अक्टूबर 2026 | हिमांशु बडोनी

श्री बदरीनाथ। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अस्थायी कर्मचारियों का पिछले दो सप्ताह से चल रहा धरना मंगलवार को समाप्त हो गया.बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के साथ सकारात्मक वार्ता के बाद संयुक्त कर्मचारी संघ ने धरना समाप्त करने की घोषणा की.कर्मचारियों की मांगों पर विचार के लिए गठित उपसमिति को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से घोषित वन टाइम सेटलमेंट, समान कार्य के लिए समान वेतन तथा सम्मानजनक वेतन वृद्धि शामिल हैं.बीकेटीसी अध्यक्ष ने कर्मचारियों को उनकी मांगों के समयबद्ध समाधान का भरोसा दिलाया.इसके बाद कर्मचारियों ने सहमति जताते हुए धरना समाप्त कर दिया.

हेमंत द्विवेदी बोले—कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं होगी

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान समिति की प्राथमिकताओं में शामिल है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कर्मचारियों के हित में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
हेमंत द्विवेदी ने कहा, “अस्थायी कर्मचारियों के हितों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी.उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है और समयबद्ध तरीके से समुचित समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है.श्री बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी नें कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कर्मचारियों के हित में वन टाइम सेटलमेंट की घोषणा की है.इस दिशा में बीकेटीसी और शासन स्तर पर कार्रवाई चल रही है।”
उन्होंने बताया कि बीकेटीसी बोर्ड की 22 मार्च 2025 की बैठक की कार्यवाही के अनुरूप वेतन निर्धारण के लिए नीति बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है.

कर्मचारियों के हितों के लिए बनाई गईं उपसमिति 15 दिनों में देगी रिपोर्ट

मंगलवार को श्री बदरीनाथ धाम में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, चारधाम यात्रा सलाहकार माधव सेमवाल, वरिष्ठ सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, सदस्य राकेश भंडारी और मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ की उपस्थिति में अस्थायी कर्मचारियों के साथ विस्तृत वार्ता की.बैठक में बताया गया कि 24 अक्टूबर को ऋषिकेश स्थित बीकेटीसी कार्यालय में हुई बैठक के दौरान कर्मचारियों की मांगों पर विचार के लिए उपसमिति गठित की गई थी.उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में गठित इस उपसमिति को 15 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देनी है.रिपोर्ट के आधार पर कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए आगे की कार्रवाई की जाएगी.इस आश्वासन पर कर्मचारियों ने सहमति व्यक्त की और अपना धरना समाप्त कर दिया.

पहले भी दिया था कर्मचारियों को आश्वासन

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने सोमवार को ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर कार्यालय में भी अस्थायी कर्मचारियों को आश्वस्त किया था कि उनके हितों की अनदेखी नहीं होगी.इसके बाद मंगलवार को बदरीनाथ धाम में हुई वार्ता सकारात्मक रही और लंबे समय से चल रहे धरने का समापन हो गया.

बदरीनाथ धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का भी किया निरीक्षण

अस्थायी कर्मचारियों से वार्ता से पहले बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए और धाम में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया.उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए यात्रा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया.बीकेटीसी के अध्यक्ष के अनुसार, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में चारधाम यात्रा का संचालन किया गया है.जारी आंकड़ों के मुताबिक, श्री बदरीनाथ धाम में अब तक 21,33,616, जबकि श्री केदारनाथ धाम में 18,34,857 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं.जबकि दोनों धामों में कुल 39,68,473 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं.वहीं, चारधाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 62 लाख बताई गई है.

इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी राकेश सेमवाल, मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, संजय भट्ट, राजदीप सनवाल और राजेश नंबूदरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अस्थायी कर्मचारियों की ओर से वेदपाठी डॉ. अमित बंदोलिया, राजेन्द्र पुरोहित, रत्नेश पंवार, मोहन राणा, इंदु देवी, योगिता चौहान और हरीश बिष्ट सहित कर्मचारी उपस्थित रहे।