दिल्ली..भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक नया अध्याय 28 मई 2023 को लिखा जाएगा और देश को संसद की नई बिल्डिंग मिलेगी. 10 दिसंबर 2020 में संसद भवन की नींव प्रधानमंत्री मोदी ने ही रखी थी और अब 28 मई को मोदी ही इसका इसका उद्घाटन करने वाले हैं. करीब 1200 करोड़ की लागत से संसद का 4 मंजिला भवन बनाया गया है, जिसमें आधुनिक दौर के हिसाब से तमाम सुविधाएं भी हैं और सिटिंग अरेंजमेंट भी बढ़ाया गया है. नए संसद भवन में लोकसभा के 888 सदस्य बैठक सकते हैं जबकि राज्यसभा के 384 सदस्यों के बैठने की जगह है. नया संसद भवन पुरानी संसद से 17000 वर्ग मीटर बड़ा है. नई संसद में हर कामकाज के लिए अलग कमरे हैं. पूरी बिल्डिंग हाईटेक सुविधाओं से लैस है. बिल्डिंग भूकंप रोधी है महिला सदस्यों के लिए अलग लाउंज का इंतजाम है जबकि VIP लाउंज भी अलग से बनाया गया है.

नए संसद भवन के उद्घाटन की तैयारियां पूरी

नए संसद भवन के उद्धाटन से पहले संसद के आस-पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. विजय चौक और उसके आस-पास भी जवानों की तैनाती कर दी गई है. किसी को भी फिलहाल यहां आने-जाने की इजाजत नहीं है. कड़ी सुरक्षा के बीच ही संसद भवन के उद्घाटन की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. उद्घाटन से पहले सियासत भी जमकर हो रही है. लेकिन नई बिल्डिंग जितनी सुंदर बाहर से दिख रही है उससे कई गुना ज्यादा खूबसूरती इसके अंदर दिखने को मिलेगी.