लक्ष्मणझूला में पुलिस की बड़ी कार्यवाही, अवैध कसीनो सें जुआ खेलते 5 महिलाओं सहित 32 जुआरियों को किया गिरफ्तार

उत्तराखंड के जनपद पौड़ी के लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत एक रिसॉर्ट में अवैध रूप से जुआ खिलाने वाला कसीनो पकड़ा गया है. मौके पर 32 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. जुआ खिलाने वाली टीम की चार क्रू पीयर (गेम खिलवाने वाली महिलाएं) भी पकड़ी गई हैं. इसके अलावा पांच महिला डांसर भी मौके पर मिली. हालांकि, महिला डांसरों को छोड़ दिया गया है. मौके से पुलिस को ताश की गड्डियां, कैसीनो चिप्स, कैश मोबाइल भी बरामद हुए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

 

एसएसपी पौड़ी श्वेता चौबे को मुखबिर ने दी थी सटीक सूचना 

लक्ष्मण झूला थाना पुलिस के मुताबिक एसएसपी श्वेता चौबे को मुखबिर ने सूचना दी कि गंगा भोगपुर स्थित नीरज फॉरेस्ट रिसॉर्ट में अवैध रूप से जुआ खिलाने के लिए कैसीनो चलाया जा रहा है. सूचना के आधार पर एडिशनल एसपी जया बलूनी व सीओ श्रीनगर श्री रविन्द्र चमोली के नेतृत्व में गठित टीम ने रिसॉर्ट पर आधी रात को छापेमारी की. पुलिस की छापेमारी होते ही रिसॉर्ट कर्मचारियों में हड़कंप मच गया. पुलिस टीम ने रिसॉर्ट के पिछले हिस्से में बने वेलनेस सेंटर के बेसमेंट में देखा कि वहां अवैध रूप से जुआ खिलाने के लिए कैसीनो चलाया जा रहा है.

जुआ खिलवाए जाने के अलावा बेसमेंट में मौजूद लोगों को शराब भी परोसी जा रही थी. वहां से शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं. गिनती करने पर कैसीनो में कुल 32 लोग पकड़े गए. इनमें जुआ खिलाने वाली (क्रू पीयर यानी गेम सहयोगी) चार महिला सदस्यों भी शामिल हैं. इसके अलावा पांच महिलाएं मौके पर मौजूद मिलीं. महिलाओं ने खुद को कैसीनो की डांसर बताया.

 

एसएसपी श्वेता चौबे ने क्या कहा:

रिसॉर्ट के मालिक आरके गुप्ता के साथ रिजॉर्ट के प्रबंध निदेशक साहिल ग्रोवर पर धारा-4 जुआ अधिनियम व 60/ 68 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है. पौड़ी एसएसपी श्वेता चौबे ने बताया कि 5 लाख 16 हजार कैश बरामद हुआ हुआ है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कैसीनो चिप्स, ताश की गड्डियां, कैश, मोबाइल बरामद हुए हैं. 4 महिलाओं पर कार्रवाई की गई है जो कि क्रू पीयर थी. बाकी पांच महिलाओं को घर भेज दिया गया है. एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए ज्यादातक लोग उत्तमनगर दिल्ली, यूपी के जनपद बिजनौर व हरिद्वार के निवासी हैं. ये लोग प्रॉपर्टी डीलिंग, ठेकेदारी और दुकानदारी का काम करते हैं. इन लोगों के खिलाफ गैंबलिंग एक्ट और एक्साइज एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है.

हरिद्वार और दिल्ली निवासी विशाल ने किया था आयोजन 

पुलिसएसएसपी ने बताया कि, मुख्य आरोपी का नाम विशाल है जो कि शिवालिक नगर हरिद्वार का है. वहीं एक और अभियुक्त है जो कि दिल्ली का है उसका नाम भी विशाल है. इन दोनों ने मिलकर इसका आयोजन किया था. इसको लेकर एसएसपी पौड़ी ने कहा कि जितने भी लोग इसमें शामिल थे सभी के खाते फ्रीज किए जा रहे हैं. कागजात पेश न किए जाने पर जुआरियों के वाहनों को भी सीज किया गया है. एक पुलिस का सिपाही विनीत भी इसमें शामिल था. आरोपी विनीत थाना ऋषिकेश (जनपद देहरादून) में आरक्षी पद पर तैनात है. उसके खिलाफ चालानी कार्यवाही कर रिपोर्ट संबंधित जनपद को भेज दी गई है.

 

क्या कुछ कहना है अवैध कसीनो के मालिक नीरज गुप्ता का ‘

वहीं इस मामले में रिसॉर्ट के स्वामी आरके गुप्ता का कहना है कि यह प्रॉपर्टी बेशक उनकी है, लेकिन उन्होंने एक व्यक्ति को प्रॉपर्टी लीज पर दी है. रिसॉर्ट में इस तरह की गतिविधियों की उन्हें जानकारी नहीं थी. बता दें कि, अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य का रिसॉर्ट भी इसी क्षेत्र में था, जहां पर अवैध गतिविधियां पूर्व में सामने आ चुकी हैं. अब दूसरे रिसॉर्ट में इस तरह की गतिविधियां मिलने पर क्षेत्र में संचालित हो रहे अन्य रिसॉर्ट भी संदेह के घेरे में आ गए हैं.