हल्द्वानी हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक को उत्तराखंड पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है.आईजी नीलेश आनंद भरणे ने अब्दुल मलिक की गिरफ्तारी की पुष्टि की है.आठ फरवरी को बनभूलपुरा हिंसा के बाद से अब्दुल मलिक फरार चल रहा था.
हल्द्वानी हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक और उसकी पत्नी सहित छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला भी दर्ज किया गया था.हिंसा के बाद से अब्दुल मलिक फरार चल रहा था और पुलिस ने उसकी संपत्ति को भी कुर्क किया था.
आठ फरवरी को हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में मलिक के बगीचे में अवैध मदरसा और धर्मस्थल ढहाने गई पुलिस और प्रशासन की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया था.पथराव में सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह, रामनगर कोतवाल समेत 300 से अधिक पुलिसकर्मी और निगमकर्मी घायल हो गए थे.उपद्रवियों ने बनभूलपुरा थाना भी फूंक दिया.पुलिस की जीप, जेसीबी, दमकल की गाड़ी दोपहिया समेत 70 से अधिक वाहन फूंक दिए गए थे.आंसू गैस के गोले दागने और लाठी चार्ज के बाद भी जब हालात काबू में नहीं आए, तो सबसे पहले अधिकारी जान बचाने के लिए मौके से भागे.पुलिस व निगम टीम जैसे-तैसे वहां से निकली.प्रशासन ने उपद्रवियों को देखते ही पैर में गोली मारने के आदेश दिए हैं. हल्द्वानी हिंसा में पिता-पुत्र समेत छह लोगों की गोली लगने से मौत हो गई।





