नई दिल्ली। पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में सीआरपीएफ के एएसआइ मोती राम जाट की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है और वे जासूसी का नेटवर्क तोड़ने में जुट गई हैं. एनआइए ने शनिवार को देश के आठ राज्यों में 15 स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया.
संवेदनशील वित्तीय दस्तावेज और आपराधिक सामग्री जब्त
इस दौरान कई इलेक्ट्रानिक उपकरण, संवेदनशील वित्तीय दस्तावेज और अन्य आपराधिक सामग्री जब्त की गई है.एनआइए के मुताबिक, पाकिस्तान इंटेलीजेंस आपरेटिव (पीआइओ) का नेटवर्क भारत के खिलाफ आतंकी साजिश का महत्वपूर्ण हिस्सा है.
टीम ने कोलकाता में तीन स्थानों पर तलाशी ली
इससे जुड़े संदिग्धों की तलाश में दिल्ली, महाराष्ट्र, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, असम और बंगाल में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई.एनआइए की टीम ने कोलकाता में तीन स्थानों पर तलाशी ली.
मनी लांड्रिंग के मामले में ट्रैवल एजेंसी के स्वामी के घर पर छापा
एक ट्रैवल एजेंसी के मालिक मोहम्मद मसूद आलम को पूछताछ के लिए बुलाया है। गोरखपुर में विदेश से संदिग्ध लेनदेन और मनी लांड्रिंग मामले में पन्ने लाल यादव के आवास पर छापेमारी की गई। गोरखपुर के मूल निवासी पन्ने लाल 1992 से बैंकाक में घरेलू सामान और कपड़े का व्यवसाय कर रहे हैं।
एनआइए टीम छह बजे तारामंडल स्थित आवास पहुंची
पूर्व ग्राम प्रधान व बड़े भाई मुन्नीलाल यादव ने बताया कि पन्ने लाल बैंकाक में हैं.मुन्नीलाल के साथ एनआइए टीम छह बजे तारामंडल स्थित आवास पहुंची. बेटी शिवानी और शिवाली घर पर थीं.पत्नी पुष्पा देवी मायके, बेटा अमन जिम गया था.
टीम ने अमन को बुलवाया और घर की तलाशी के साथ मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक खाते, संपत्ति रजिस्ट्रेशन और गाड़ी खरीद संबंधी दस्तावेज खंगाले.अमन को नोटिस देकर चार जून को दिल्ली के लोधी रोड स्थित एनआइए मुख्यालय में पेश होने को कहा गया है.
हरियाणा के जींद में पहुंची एनआईए
एनआईए टीम ने कपड़ा कारोबारी कशिश कोचर के घर पर छापेमारी की। कशिश के बैंक खाते से दो आनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 15 हजार रुपये ऐसे व्यक्ति को भेजे गए हैं.उसने बताया कि वह दिल्ली के चांदनी चौक पर एक दुकान संचालक के साथ कपड़े का व्यापार करता है.दुकान संचालक ने उसे रुपये भेजने के लिए एक मोबाइल नंबर दिया था.
एनआइए ने कशिश की दुबई यात्रा का रिकॉर्ड भी देखा, जिसके बाद वह जांच के दायरे में आया.अब टीम चांदनी चौक के दुकान संचालक से कशिश के बयानों का मिलान करेगी.विदित हो कि 20 मई को सीआरपीएफ जवान मोती राम जाट को गिरफ्तार किया गया.
20 मई को सीआरपीएफ जवान गिरफ्तार किया
आरोप है कि वह 2023 से पीआइओ के साथ संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था और राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित जानकारी लीक करने के बदले भारत में विभिन्न माध्यमों से धन प्राप्त कर रहा था।






