उत्तराखंड में क़ल रात से बदलेगा मौसम,24 जनवरी तक भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट घोषित

देहरादून: उत्तराखंड में गुरुवार रात से मौसम बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 22 जनवरी की रात से अच्छी खासी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई है. इसको लेकर मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. जारी ऑरेंज अलर्ट के अनुसार, 22 जनवरी की रात और 23 जनवरी को 2800 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी होगी. इसके साथ ही इस दिन उत्तराखंड के कुछ जिलों में बिजली कड़कने और तेज़ हवाओं के साथ आंधी आने की आशंका है. 24 जनवरी को भी प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है.

उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट: मौसम विभाग ने उत्तराखंड के लिए बड़ा अलर्ट जारी किया है. मौसम विश्लेषण और संख्यात्मक मौसम पूर्वानुमान मॉडल्स के अनुसार, उत्तराखंड को 22 जनवरी की रात से एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित करेगा. ये ऊपरी वायुमंडल में सक्रिय ऊपरी हवा प्रणाली के रूप में आएगा, जो निचले स्तरों पर चक्रवाती हवाओं को जन्म देगा. साथ ही अरब सागर से निचले स्तरों पर भारी नमी का प्रवाह 23 और 24 जनवरी को उत्तर-पश्चिम भारत में पहुंचेगा. इससे उत्तराखंड राज्य में भारी बारिश, बर्फबारी और आंधी-तूफान के खतरों को बढ़ा देगा.

22 जनवरी की रात से सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, ये पश्चिमी विक्षोभ 22 जनवरी की रात से सक्रिय हो जाएगा. 24 जनवरी दोपहर तक इसका असर बरकरार रहेगा. ऐसे में सबसे अधिक एक्टिविटी 23 जनवरी को देखने को मिलेगी. खासकर, प्रदेश के पहाड़ी जिलों यानी चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में भारी बर्फबारी की संभावना है. मैदानी इलाकों यानि, देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आ सकता है.

पांच जिलों में होगी बर्फबारी: उत्तराखंड में दिसंबर और जनवरी महीने में अभी तक बर्फबारी ना होने के चलते जहां एक ओर पर्यटक मायूस हैं, तो वहीं दूसरी ओर बारिश और बर्फबारी न होने से फसलों को भी काफी अधिक नुकसान पहुंच रहा है, जिसके चलते काश्तकार भी चिंतित हैं. ऐसे में अब मौसम विभाग ने 23 जनवरी को प्रदेश के पांच जिलों, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके तहत, इन पांचों जिलों में 2800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी की संभावना है.

मौसम विभाग ने किया सतर्क: मौसम विभाग ने राज्य सरकार को बर्फबारी और बारिश के मद्देनजर स्नो क्लीयरेंस मशीन तैनात किए जाने की भी सलाह दी है. इसके अलावा पहाड़ी जिलों में आवागमन करने वाले लोगों को विशेष रूप से एहतियात बरतने की सलाह दी है.