पौड़ी गढ़वाल: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का छवि हार्ड नेता की है. अक्सर वे अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ चर्चाओं में हैं. उनकी चर्चाओं का कारण उनका कोई बयान नहीं बल्कि एक वीडियो है. ये वीडियो योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर से आया है. इस वीडियो में योगी आदित्यनाथ अलग ही अंदाज में नजर आ रहे हैं. उनका ये अंदाज लोगों को खूब भा रहा है.
बता दें यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे. उनके गांव से एक भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. सत्ता के शीर्ष पद पर होने के बावजूद अपने गांव की मिट्टी से जुड़ाव का यह दृश्य लोगों को खासा पसंद आ रहा है. वीडियो में यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ एक छोटे बच्चे को प्यार से दुलार रहे हैं.
साथ ही वे बच्चें को चॉकलेट दे रहे हैं. साथ ही वे कहते सुनाई दे रहे हैं “हम भी तुम्हारे दादा हैं’. मासूम बच्चा उन्हें फूल भेंट करता नजर आता है. आसपास खड़े ग्रामीण इस पल को कैमरे में कैद करते दिखाई देते हैं. इस आत्मीय मुलाकात ने ग्रामीणों के चेहरे पर मुस्कान ला दी. पंचूर गांव पहुंचे यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने अन्य ग्रामीणों से भी घुल-मिलकर बातचीत की. उनका हालचाल जाना और क्षेत्र की स्थितियों की जानकारी ली.
योगी आदित्यनाथ का बच्चों से मेल मुलाकात का ये वीडियो हर किसी को पंसद आ रहा है. सोशल मीडिया पर भी ये वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक बार फिर दिखाता है कि बड़े पद पर पहुंचने के बाद भी योगी आदित्यनाथ अपनी गांव और जड़ों के कितने करीब हैं.
योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय का भी स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने महाविद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की. उन्होंने कॉलेज परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया. अधिकारियों से संस्थान में चल रहे विकास कार्यों व सुविधाओं की जानकारी ली.
पंचूर गांव आने से पहले योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर पहुंचे थे. वहां उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में दर्शन किये. इसके बाद वे जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर पहुंचे. यहां उन्होंने नवनिर्मित भवन के लोकार्पण कार्यक्रम किया. इस दौरान उत्तराखंड सीएम के साथ ही दूसरे नेता भी उनके साथ मौजूद रहे.






