उत्तराखंड : कोटद्वार में एक निजी स्कूल को फायर एनओसी (NOC) जारी कराने के नाम पर रिश्वत मांगना लीडिंग फायरमैन को महंगा पड़ गया. विजिलेंस टीम ने आरोपी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार लंबे समय से स्कूल को फायर एनओसी देने को लेकर चर्चाएं चल रही थीं. आरोप है कि लीडिंग फायरमैन ने स्कूल प्रबंधन से पहले 40 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी. बाद में बातचीत के बाद वह 20 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया. सोमवार को विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर उसे रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
विजिलेंस ने 20 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा:
पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार में विजिलेंस टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फायर स्टेशन में तैनात एक लीडिंग फायरमैन को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की पहचान रणवीर सिंह के रूप में हुई है, जो एक निजी स्कूल को फायर एनओसी जारी कराने के बदले पैसे मांग रहा था.
स्कूल ने फायर एनओसी के लिए किया था आवेदन
मिली जानकारी के अनुसार कोटद्वार स्थित एक निजी स्कूल ने फायर एनओसी के लिए फायर स्टेशन में आवेदन किया था. मामले की जांच लीडिंग फायरमैन रणवीर सिंह कर रहे थे. वह अपनी टीम के साथ स्कूल का निरीक्षण भी कर चुके थे. स्कूल प्रबंधन द्वारा सभी जरूरी सुरक्षा दस्तावेज जमा किए जाने के बाद भी वह फाइल को आगे उच्चाधिकारियों के पास नहीं भेज रहे थे.
पहले 40 हजार रुपए मांगने का आरोप
आरोप है कि जब स्कूल प्रबंधन ने उनसे बात की तो उन्होंने 40 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर दी. मोलभाव के बाद मामला 20 हजार रुपये पर तय हो गया. इस पर स्कूल प्रबंधन ने डायल-164 पर विजिलेंस से शिकायत कर दी. प्राथमिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विजिलेंस ने ट्रैप टीम गठित की.
विजिलेंस के ट्रैप में फंसा लीडिंग फायरमैन
सोमवार को आरोपी ने स्कूल प्रबंधक को फायर स्टेशन के पास पैसे लेकर आने को कहा. जैसे ही उसने रिश्वत ली, पहले से घात लगाए विजिलेंस अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया. गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी के आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया, जहां से कुछ दस्तावेज बरामद हुए हैं. उनकी जांच की जा रही है. आरोपी को आज मंगलवार को स्पेशल विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा.
विजिलेंस डायरेक्टर ने कहा भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है. हर शिकायत को गंभीरता से लेकर कार्रवाई की जा रही है. कोटद्वार में भी हमारी टीम ने शिकायत दर्ज की. शिकायत प्राथमिक जांच में सही पाए जाने पर आरोपी को पकड़ लिया गया है.
-डॉ वी मुरुगेशन, निदेशक, विजिलेंस-





