श्री बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी की शिव भक्त कांवड़ियों से अपील
नीलकंठ महादेव की यात्रा शांतिपूर्वक करें, प्लास्टिक का कम से कम करें इस्तेमाल
यमकेश्वर..श्रावण मास में जनपद पौड़ी के यमकेश्वर स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए श्री बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने शिव भक्त कांवड़ियों से शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं पर्यावरण हितैषी यात्रा करने की अपील की है.
हेमंत द्विवेदी ने कहा कि नीलकंठ महादेव धाम करोड़ों शिव भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है.हर वर्ष देशभर से बड़ी संख्या में कांवड़िये भगवान शिव के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं. ऐसे में सभी श्रद्धालु धैर्य, अनुशासन और आपसी सहयोग की भावना के साथ यात्रा करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो.
उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने, यातायात नियमों का पालन करने तथा मंदिर परिसर एवं यात्रा मार्गों पर स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया.उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्रा तभी सार्थक होगी जब हम अपने पवित्र धामों की स्वच्छता और प्राकृतिक सुंदरता को भी सुरक्षित रखेंगे.
बीकेटीसी अध्यक्ष ने विशेष रूप से कांवड़ियों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील करते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरा पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है.श्रद्धालु कपड़े या जूट के थैले तथा पुनः उपयोग में आने वाली पानी की बोतलों का प्रयोग करें और कूड़ा निर्धारित स्थानों पर ही डालें.
उन्होंने कहा कि नीलकंठ महादेव की यात्रा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के संरक्षण का भी संदेश देती है.सभी श्रद्धालु इस पावन धाम की गरिमा बनाए रखने में अपना योगदान दें.
अंत में हेमंत द्विवेदी ने भगवान भोलेनाथ से सभी कांवड़ियों की मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना करते हुए कहा कि श्रद्धालु प्रेम, भाईचारे और अनुशासन के साथ यात्रा पूरी करें तथा स्वच्छ और हरित उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनें.






