विष्णुगाड़-पीपलकोटी दुर्घटना के पीड़ितों से मिलने जा रहे थे सांसद, अचानक पहाड़ से गिरी चट्टान
चमोली। उत्तराखंड में पहाड़ी मार्गों पर लगातार बढ़ रहे भूस्खलन के बीच शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया.तोता घाटी में सांसद अनिल बलूनी की गाड़ी के ऊपर अचानक पहाड़ से एक बड़ा बोल्डर आ गिरा. बोल्डर गाड़ी के ऊपर गिरने से वाहन को नुकसान पहुंचा, लेकिन सांसद अनिल बलूनी बाल-बाल बच गए.
बताया जा रहा है कि सांसद अनिल बलूनी विष्णुगाड़-पीपलकोटी क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे के पीड़ितों और प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए जा रहे थे.इसी दौरान तोता घाटी के पास पहाड़ी से अचानक बोल्डर टूटकर उनकी गाड़ी के ऊपर आ गिरा.
अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.गनीमत रही कि बोल्डर की चपेट में आने के बावजूद सांसद और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित रहे. पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने के कारण इस मार्ग पर यात्रा बेहद जोखिमभरी बनी हुई है.
घटना ने एक बार फिर चारधाम और बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं.बारिश के दौरान पहाड़ों से अचानक बोल्डर गिरने की घटनाएं यात्रियों और स्थानीय लोगों के लिए गंभीर खतरा बनी हुई हैं.
ऋषिकेश बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा वव्यवस्था मजबूत करने की है आवश्यकता
विष्णुगाड़-पीपलकोटी हादसे के पीड़ितों से मिलने जा रहे सांसद के साथ खुद ऐसा हादसा होना पहाड़ों में सड़क यात्रा के जोखिम को भी सामने लाता है. प्रशासन और सड़क निर्माण एजेंसियों के सामने अब संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय और मजबूत करने की चुनौती है.मिली जानकारी के अनुसार, सांसद अनिल बलूनी पीपलकोटी टनल हादसे के प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण करने और पीड़ितों का हाल जानने के लिए जा रहे थे.जैसे ही उनका वाहन ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित तोताघाटी के पास पहुंचा, अचानक पहाड़ी से मलबा और एक बड़ा बोल्डर उनकी इनोवा गाड़ी पर आ गिरा.बोल्डर गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गाड़ी में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे।





