80 वें स्वतंत्रता दिवस पर PM मोदी ने फहराया तिरंगा,आत्म निर्भर भारत का लिया संकल्प

स्वतंत्रता दिवस पर देश आज अपना 80वां जश्न मना रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले से राष्ट्रीय ध्वज फहराया है.इस साल का आयोजन इसलिए भी खास है क्योंकि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने का जश्न भी इसी मौके पर मनाया जा रहा है.

पहली बार लाल किले के इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में वंदे मातरम् को औपचारिक रूप से गाया गया. समारोह में देश की युवा शक्ति की ऊर्जा और उम्मीदों पर खास ध्यान दिया जा रहा है और यह भी दिखाया जा रहा है कि युवा पीढ़ी किस तरह भारत को साल 2047 तक विकसित भारत बनाने के सफर में योगदान दे रही है.

लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं कीं. पीएम मोदी ने कहा कि सरकार अगले एक साल में 1 करोड़ युवाओं को एआई (AI) स्किल्स की ट्रेनिंग देगी. इसके साथ ही छात्रों के लिए ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था की शुरुआत भी की जाएगी.

पीएम मोदी ने ‘शक्ति की सप्तधारा’ का आह्वान किया. उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करने पर जोर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत को छोटे-छोटे पुर्जों से लेकर बड़े और जटिल उत्पाद तक खुद बनाने होंगे. डिजाइन से लेकर मैन्युफैक्चरिंग तक पूरी वैल्यू चेन भारत में तैयार करनी होगी.

हमारे ब्रांड हमारी पहचान हो’, बोले PM मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा, ‘कुछ चीजें मैंने बताई है लेकिन मैं इससे भी आगे सोचता हूं. मैं जरा देश को झकझोरना चाहता हूं, मैं देश की शक्ति को भी झकझोरना चाहता हूं. देश यानी केवल सरकार नहीं होती है, देश का मतलब हर नागरिक जुड़ता है. क्या हम सोच नहीं सकते कि फॉर्च्यून 500 की चर्चा तो हम बहुत सुनते हैं, आने वाले 1 दशक में इन फॉर्च्यून 500 में 50 कंपनियां भारत की क्यों न हों, ये लक्ष्य हमारा क्यों न होना चाहिए.

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का भी एक बैंक टॉप 5 बैंकों में भी होना चाहिए. समय की मांग है कि दुनिया की 5 बड़ी फार्मा कंपनियों में भारत की भी 1-2 फार्मा कंपनियों का नाम गूंजना चाहिए. क्या समय की मांग नहीं है कि ग्लोबल लीडरशिप अब हमारे हाथ में होनी चाहिए. सामर्थ्य है, हमारा लंबा इतिहास भी है, भाषाओं पर हमारा प्रभुत्व है, हमें विश्व में पहुंचना चाहिए.

पीएम मोदी ने कहा कि हमारे ऐसे ब्रांड हों, जिससे दुनिया आकर्षित होती है. हमारे ब्रांड हमारी पहचान हो और विश्व के लिए एक डेस्टिनेशन बन जाए, हमें इसके लिए काम करना होगा. मैं राज्य सरकारों को कहना चाहता हूं, मैं स्थानीय स्वराज्य की संस्थाओं को कहना चाहता हूं, भारत सरकार का भी ये दायित्व है कि हमें अपने सुधारों की गति बढ़ानी होगी. हम बीते हुए काल के नीति नियमों पर नहीं चल सकते हमें आने वाले काल के अनुसार नीति नियमों को गढ़ना होगा.

2047 का लक्ष्य मजबूत नींव पर खड़ा है: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैने जो भूमिका आपके सामने रखी है, उसके पीछे 2047 का लक्ष्य, मजबूत नींव पर खड़ा है. 2047 विकसित भारत का लक्ष्य, इन मजबूत नींव पर खड़ा है. 2047 विकसित भारत का लक्ष्य, पिछले 12 वर्षों में देशवासियों ने जो सामर्थ्य दिखाया है उस सामर्थ्य का हिस्सा है. सदी का एक-चौथाई हिस्सा बीत चुका है और अगला एक-चौथाई हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है. अब हम रुक नहीं सकते हैं, हमारी गति नहीं रुक सकती है.

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी दिशा तय हो चुकी है. हमें उसे प्राप्त करके रहना है. इसके लिए हमें हमारे वर्क कल्चर को बदलना होगा, हमारे वर्क कल्चर को बदलते हुए हमें हमारी सोच को भी बदलना होगा. हमें हमारे काम की गति को भी बदलना होगा. जो काम पिछले 5-7 दशक में नहीं हुए हैं, वो काम हमें आगामी 5-7 साल में करने हैं. मेरा भरोसा है, मेरी देश की युवा शक्ति पर, मेरे देश के नौजवानों पर, मेरे देश की माताओं बहनों पर, मेरे देश के किसानों पर, मेरे देश के मजदूरों पर, कि हम इस सपने को साकार कर सकते हैं.