अंकिता हत्याकांड की CBI जाँच के बीच चर्चित अभिनेत्री उर्मिला सनावर सहारनपुर से गिरफ्तार

उत्तराखंड | हरिद्वार | 26 अक्टूबर 2026 | हिमांशु बडोनी

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो को लेकर सुर्खियों में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.पुलिस ने रविवार को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित उनके आवास पर कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया.यह कार्रवाई भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर की बेटी दीपिका राठौर की शिकायत के बाद की गई है.

5 करोड़ रुपये मांगने और धमकी देने का आरोप

पुलिस के अनुसार, दीपिका राठौर ने 24 अक्टूबर की रात हरिद्वार की रानीपुर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी.शिकायत में आरोप लगाया गया कि उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया पर उनके और उनके परिवार के खिलाफ आपत्तिजनक एवं मानहानिकारक टिप्पणियां कीं.शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि व्हाट्सऐप कॉल के जरिए रविदास धाम से जुड़ी संपत्ति अपने नाम कराने और 5 करोड़ रुपये देने की मांग की गई.मांग पूरी नहीं होने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है.पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी.

सहारनपुर पहुंची पुलिस, मोबाइल भी बरामद

मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने टीम गठित कर सहारनपुर के गोविंदनगर स्थित आवास पर दबिश दी और उर्मिला सनावर को गिरफ्तार कर लिया.मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, पुलिस ने कथित घटना में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी बरामद किया है.गिरफ्तारी की कार्रवाई शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर की गई है; आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया में होगी.

अंकिता भंडारी केस में भी चर्चा में थीं उर्मिला

उर्मिला सनावर का नाम अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी ऑडियो और वीडियो सामने आने के बाद चर्चा में आया था। इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भी उनसे पूछताछ की थी.हाल ही में उन्होंने देहरादून में सीबीआई अदालत के समक्ष प्रस्तावित पॉलीग्राफ और नार्को-एनालिसिस परीक्षण के लिए अपनी सहमति देने की प्रक्रिया में हिस्सा लिया था
उर्मिला की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है,जब अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कथित वीआईपी के मुद्दे पर उत्तराखंड में राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चा जारी है.अब इस मामले में पुलिस की जांच और आगे की न्यायिक कार्रवाई पर नजर रहेगी.