23 लाख के पार पहुंची चारधाम तीर्थ यात्रियों की संख्या, केदारनाथ में रिकॉर्ड संख्या में पहुंच रहें हैं तीर्थ श्रद्धालु

देहरादून: उत्तराखंड चारधाम यात्रा अपने चरम पर है. बारिश और बर्फबारी के बावजूद चारधाम यात्रियों के उत्साह में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है. देश ही नहीं, विदेशों से भी चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. सबसे ज्यादा यात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं. 30 अप्रैल से शुरू हुई चारधाम यात्रा में अभी तक 23 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं.

यमुनोत्री धाम: चारधाम यात्रा की शुरुआत यमुनोत्री धाम से होती है. धाम के कपाट 30 अप्रैल को खोले गए थे. जिसके बाद यमुनोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती ही जा रही है. अभी तक 3 लाख 98 हजार 109 श्रद्धालु मां यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं. वहीं शनिवार 7 जून को 9370 श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री धाम की यात्री की.

गंगोत्री धाम: चारधाम यात्रा का दूसरा पड़ाव गंगोत्री धाम है. गंगोत्री धाम में भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. 30 अप्रैल से शुरू हुई गंगोत्री धाम की यात्रा में अभी तक 3 लाख 98 हजार 982 श्रद्धालु पहुंच चुके हैं. वहीं आज शनिवार 7 जून को 11 हजार 7 श्रद्धालुओं ने मां गंगा के दर्शन किए.

केदारनाध धाम: सबसे ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम पहुंचे हैं. 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खोले गए थे. जिसके बाद से केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है. अभी तक 8 लाख 65 हजार 614 श्रद्धालु बाबा केदार का आशीर्वाद ले चुके हैं. जबकि शनिवार 7 जून को 23 हजार 532 श्रद्धालुओं ने भगवान केदारनाथ के दर्शन किए.

बदरीनाथ धाम: चारधाम यात्रा का आखिरी पड़ाव बदरीनाथ धाम की यात्रा है. अभी तक 6 लाख 53 हजार 812 श्रद्धाल बदरीनाथ धाम की यात्रा कर चुके हैं. वहीं 7 जून को 23 हजार 126 श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कए.

हेमकुंड साहिब: सिखों के पवित्र धर्म स्थल श्री हेमकुंड साहिब के कपाट 25 मई को खोले गए थे. अभी तक 59 हजार 151 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं. जबकि शनिवार 7 जून को 8069 श्रद्धालु ने हेमकुंड साहिब की यात्रा की.

सरकारी आंकड़ों की बात करें तो आज 7 जून को 75 हजार 104 श्रद्धालुओं ने चारधाम यात्रा की. जबकि अभी तक 23 लाख 75 हजार 668 श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं. इसमें हेमकुंड साहिब श्रद्धालुओं की संख्या भी शामिल है.

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का बयान आया सामने

चारधाम यात्रा को लेकर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का बयान भी सामने आया है. पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा वर्ष 2025 की चारधाम यात्रा को सुगम एवं सुरक्षित बनाने के लिए सरकार की ओर से समय पर सभी कदम उठा लिए गए थे.साथ ही उन्होंने कहा कि इस बार रिकार्ड संख्या में उत्तराखंड तीर्थ श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और सभी श्रद्धालु आसानी से चारों धामों के दर्शन कर रहे हैं.सतपाल महाराज ने कहा कि तीर्थ श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए जगह-जगह पर्यटन केंद्र खोले गए हैं और इन केंद्रों से चारों धामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जा रही है.

श्री बद्री केदार मंदिर समिति भी श्रद्धालुओं की सुविधा का रख रही है ध्यान 

श्री बद्री केदार मंदिर समिति भी तीर्थ श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रख रही है BKTC के नवनियुक्त अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी स्वयं दो बार बद्रीनाथ और केदारनाथ में जाकर यात्रा व्यवस्थाओं का अभी तक जायजा ले चुके हैं.हेमंत द्विवेदी ने बद्रीनाथ और केदारनाथ आने वाले तीर्थ श्रद्धालुओं से अपील की है कि यदि उन्हें किसी प्रकार की भी कोई दिक्कत होती है तो सीधे वह श्री बद्री केदार मंदिर समिति के ऑफिस से संपर्क कर सकते हैं.उन्होंने कहा की यात्रा मार्गों पर तीर्थ श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए BKTC के स्टाफ को भी तैनात किया गया है,ताकि तीर्थ श्रद्धालु आसानी के साथ भगवान बद्री विशाल और बाबा केदार के दर्शन कर सके.