पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत बोलें झूठ के गर्भ से पैदा हुई है धामी सरकार, उत्तराखंड में टूट रहे हैं भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड

उत्तराखंड

कांग्रेस के दिग्गज नेता और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर एक बार फिर से जमकर निशाना साधा हैं . हरीश रावत ने कहा झूठ के गर्भ से पैदा हुई सरकार ने उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं. हरीश रावत ने कहा आज उत्तराखंड में काम, कागज बिना सेवा मूल्य दिये पूरे नहीं हो रहे हैं. उन्होंने कहा आज प्रदेश में केवल बीजेपी के लोग खुश हैं, क्योंकि उनको कट मिल जा रहा है.

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा चुनावों में केवल झूठ परोसने का काम करती है. उन्होंने कहा भाजपा ने 2022 के चुनाव में मेरे खिलाफ मुस्लिम यूनिवर्सिटी का दुष्प्रचार करते हुए झूठ फैलाया. नमाज की छुट्टी को लेकर भी भाजपा ने दुष्प्रचार किया. उन्होंने कहा न्याय यात्रा के जरिये भाजपा को खुली चुनौती देता हूं कि मेरे इस बयान को लेकर अखबार की कटिंग, किसी न्यूज चैनल में दिए गए मेरे बयान को सामने लाये तो मैं उसे पचास हजार ,एक लाख नहीं बल्कि अपनी पूरी चल अचल संपत्ति इनाम के तौर पर दे दूंगा.

हरीश रावत ने बेरोजगारी ,महंगाई और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बोलते हुए भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर हमला किया. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बेरोजगारी ,महंगाई चरम पर है. पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा न्याय यात्रा के जरिये कांग्रेस भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जा रही है.