दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला,युवक ने मारा थप्पड़, जनसुनवाई के दौरान घटना कों दिया अंजाम

दिल्ली

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार सुबह उनके आवास पर आयोजित ‘जनसुनवाई’ के दौरान हमला हुआ. हमलावर, जो खुद को शिकायतकर्ता बताकर बैठक में पहुंचा था, उसने अचानक मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया . हालांकि, सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और अब उससे पूछताछ की जा रही है. वहीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.

आरोपी ने कागजात दिखाने के बहाने मुख्यमंत्री से बातचीत शुरू की और अचानक उन पर हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि आरोपी ने रेखा गुप्ता को थप्पड़ मारा और उनके बाल खींचे.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी का नाम राजेश भाई किमजी भाई सकरिया है और उसकी उम्र 41 साल है. वह भारत के राज्य गुजरात के शहर राजकोट का रहने वाला है. पूर्व मुख्यमंत्री और आप नेता आतिशी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.

राजनीतिक जगत में ऐसा पहली बार नहीं है. 2011 में जहां एनसीपी नेता शरद पवार को थप्पड़ मारा गया था, वहीं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल भी 2019 में ऐसी एक घटना का शिकार हुए थे.