सिक्किम की ल्होनक झील के ऊपर बादल फटने से भीषण बाढ़, सिक्किम में सेना के 23 जवान लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

सिक्किम में बादल फटने से आई बाढ़ ने भीषण तबाही मचा दी है. बताया जा रहा है कि उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर अचानक बादल फटने से तीस्ता नदी में बाढ़ आ गई. इसके बाद एक बांध का पानी छोड़े जाने पर नदी का जलस्तर और बढ़ गया. इसके बाद कई इलाकों में पानी भर गया. कई पुल बह गए और सड़कें बह गईं. इसके चलते कई सैन्य प्रतिष्ठान भी चपेट में आ गए. सेना के 23 जवानों के भी लापता होने की खबर है. इन जवानों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू हो गया है.

 

सेना के 23 जवान लापता, मलबे के ढेर में दबी सेना की गाड़िया 

सिक्किम में बादल फटने से बड़ा हादसा हुआ है. सेना के 23 जवान लापता हो गए हैं. बादल फटने से बाढ़ आई, सिंगतम इलाके में सेना की गाड़ियां खड़ी थी, उसमें जवान थे और अचानक आई बाढ में 23 जवान लापता हैं. बादल फटने से तीस्ता नदी में फ्लैश फ्लड आ गया.

बताया जा रहा है कि बाढ़ के बाद चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने की वजह से नीचे के इलाकों में भी 15-20 फीट की ऊंचाई तक जल स्तर अचानक बढ़ गया. इसके चलते सिंगतम के पास बारदांग में खड़े सेना के वाहन डूब गए. इसके अलावा 23 सैन्य जवानों के भी लापता होने की खबर है. सिक्किम के कई इलाकों में ऑरेंज और रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है.

तीस्ता नदी का जलस्तर बढ़ने पर हाई अलर्ट घोषित 

सिक्किम में तीस्ता नदी का जल स्तर बढ़ने के चलते हाई अलर्ट जारी किया गया है. तीस्ता नदी में आई बाढ़ के चलते सिक्किम में सिंगथम फुटब्रिज भी ढह गया. जलपाईगुड़ी प्रशासन ने तीस्ता नदी के निचले क्षेत्रों को खाली कराना शुरू कर दिया है. सभी को सतर्क रहने और नदी के किनारे यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.

 

सिक्किम को बंगाल से जोड़ने वाला NH-10 भी हुआ ध्वस्त 

बंगाल को सिक्किम से जोड़ने वाला एनएच 10 का कुछ हिस्सा पूरी तरह बह गया

 

बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे सिक्किम सीएम

सिक्किम के सीएम प्रेम सिंह तमांग बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने पहुंचे.