पिथौरागढ़ में भीषण सड़क दुर्घटना में 12 ग्रामीणों की दर्दनाक मौत

उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहां मुनस्यारी में होकरा से पहले वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। होकरा मंदिर से ठीक पहले खाई में बोलेरो वाहन जा गिरा। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए टीम मौके पर पहुंची हुई है। गाड़ी करीब 600 मीटर गहरे खाई में गिरी है।जानकारी के मुताबिक, श्रद्धालु बागेश्वर के शामा से होकरा मंदिर दर्शन करने जा रहे थे। इससे पहले ही उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ इकठ्ठा हो गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। आशंका जताई जा रही है कि मौतों का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है।

दुर्घटना की दूसरे वाहन चालकों ने दी सूचना

हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के शिकार लोग बागेश्व तहसील के कपकोट, शामा और भनार के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि इस वाहन के खाई में गिरने की जानकारी वहां से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों ने दी। घटनास्थल पर पुलिस फोर्स नाचनी, एसडीआरएफ और एम्बुलेंस व राजस्व टीम पहुंच रही है। कार करीब 600 मीटर से अधिक गहरी खाई से गिरते हुए नदी तक जा पहुंची है।

दुर्घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नें किया शोक व्यक्त

इस घटना पर सीएम पुष्‍कर सिंह धामी ने ट्वीट करके अफसोस जताया। उन्‍होंने कहा, बागेश्वर के शामा से पिथौरागढ़ के नाचनी की ओर आ रहे वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से कई लोगों के हताहत होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य हेतु रेस्क्यू टीम रवाना कर दी गई है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की कामना करता हूं। ॐ शांति: शांति: शांति: