सैटेलाइट फ़ोन रखने पर हो सकती है गिरफ्तारी,क्या भारत में बैन है सैटेलाइट फ़ोन,जानिए वजह

क्या भारत में सैटेलाइट फोन बैन हैं? यह सवाल तब उठा, जब रविवार को जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर एयरपोर्ट पर अमेरिका के एक नागरिक को सैटेलाइट फोन रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया.इसके अलावा, अमेरिका के एक और नागरिक को भी हिरासत में लिया गया था, लेकिन पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया.ऐसा पहली बार नहीं है, जब भारत में किसी विदेशी नागरिक को सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल करते हुए गिरफ्तार किया गया है. इससे पहले भी ऐसा हुआ चुका है, लेकिन हालिया मामले से कहीं ना कहीं लोगों के मन में ये सवाल आ सकता है कि देश में सैटेलाइट फोन बैन हैं और अगर नहीं तो इसका इस्तेमाल करने पर गिरफ्तारी क्यों हुई.

क्या भारत में बैन हैं सैटेलाइट फोन?

भारत में सैटेलाइट फोन पूरी तरह से बैन नहीं हैं. हालांकि, हर कोई इनका इस्तेमाल नहीं कर सकता है, लेकिन कानूनी तौर पर इन पर प्रतिबंध भी नहीं है.इनके इस्तेमाल पर काफी कड़ी पाबंदियां है.दरअसल, टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के अनुसार, बिना लाइसेंस या टेलीकम्युनिकेशन विभाग (DoT) से ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) लिए देश में सैटेलाइट फोन का कानूनी तौर पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता.आम तौर पर सिर्फ BSNL (Inmarsat) द्वारा दी जाने वाली सैटेलाइट सेवाओं के परमिट के साथ ही इसका इस्तेमाल करने की परमिशन होती है.Thuraya और Iridium जैसे किसी भी दूसरे सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल पूरी तरह से बैन है.

विदेश से लाने पर देनी होगी जानकारी

वहीं, अगर विदेशी नागरिक भारत में अपने साथ कोई भी सैटेलाइट फोन ला रहा है, तो इसकी जानकारी उन्हें कस्टम विभाग को देना जरूरी है.अगर उन्होंने ऐसा नहीं किया तो भारी जुर्माना लग सकता है और गिरफ्तारी भी हो सकती है.अमेरिका और UK जैसे देशों ने इस संबंध में अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है.

तुरंत हो सकती है गिरफ्तारी

अमेरिकी विदेश विभाग ने 2025 के एक नोटिस में कहा था कि विदेश विभाग अमेरिकी नागरिकों को सख्ती से सलाह देता है कि वे भारत की यात्रा करते समय या भारत से गुजरते समय सैटेलाइट फोन या GPS डिवाइस अपने साथ ना लाएं.इसमें सामान्य सेल फोन शामिल नहीं हैं.नियमों का पालन ना करने पर तुरंत गिरफ्तारी, भारी जुर्माना, डिवाइस जब्त होना, देश से निकाला जाना और यात्रा में काफी देरी हो सकती है.

क्यों है सैटेलाइट फोन के इस्तेमाल पर पाबंदी?

भारत में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं के कारण सैटेलाइट फोन को इस्तेमाल करने पर बहुत ज्यादा पाबंदी है. इस डिवाइस का इस्तेमाल करने से कानून लागू करने वाली और खुफिया एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौतियां खड़ी हो सकती हैं.क्योंकि वे स्थानीय टेलीकम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर को बाईपास कर देते हैं.

2008 के मुंबई आतंकी हमलों के बाद देश में सैटेलाइट फोन से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल को और भी सख्त कर दिया गया था. उस हमले में आतंकवादियों ने पाकिस्तान में मौजूद अपने हैंडलर्स से संपर्क बनाए रखने के लिए Thuraya सैटेलाइट फोन का ही इस्तेमाल किया था, जिससे भारतीय अधिकारियों के लिए उनके आपसी तालमेल को रियल-टाइम में ट्रैक करना और रोकना मुश्किल हो गया था.यही कारण है कि भारत में सैटेलाइट फोन का इस्तेमाल करने पर पाबंदी है और नियमों का पालन किए बिना इसका उपयोग करने वालों को तुरंत गिरफ्तार किया जा सकता है.