सतपाल महाराज की राजनीतिक विरासत संभालेंगे सुयश रावत,चौबट्टाखाल विधानसभा में शुरू हुईं नई सियासी चर्चा

उत्तराखंड की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से हलचल तेज होने लगी है.खासकर पौड़ी जनपद की चौबट्टाखाल विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला केवल राजनीतिक दलों और दावेदारों के बीच नहीं, बल्कि राजनीतिक विरासत को लेकर भी दिलचस्प होता दिखाई दे रहा है.प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल के विधायक सतपाल महाराज को लेकर अब एक नई राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है. सवाल उठ रहा है कि क्या सतपाल महाराज अपनी राजनीतिक विरासत अपने पुत्र सुयश रावत को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं?
पिछले कुछ समय से सुयश रावत की राजनीतिक और सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रियता दिखाई दे रही है. वह कई मौकों पर अपने पिता सतपाल महाराज के साथ मंच साझा करते नजर आ रहे हैं. चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में सतपाल महाराज के दौरों और विभिन्न कार्यक्रमों में भी सुयश की मौजूदगी को राजनीतिक नजरिए से देखा जा रहा है.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि किसी बड़े राजनीतिक नेता के पुत्र का लगातार अपने पिता के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आना महज पारिवारिक उपस्थिति नहीं होता, बल्कि इसके पीछे भविष्य की राजनीतिक जमीन तैयार करने की रणनीति भी हो सकती है. हालांकि, सुयश को 2027 में भाजपा का प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.

क्या 2027 में महाराज की जगह चुनाव लड़ेंगे सुयश?

चौबट्टाखाल की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सतपाल महाराज इस बार खुद चुनाव मैदान में उतरेंगे या फिर अपने बेटे सुयश रावत को राजनीतिक विरासत सौंपकर चुनावी राजनीति से अलग भूमिका में दिखाई देंगे?
सतपाल महाराज लगातार दो विधानसभा चुनावों में चौबट्टाखाल से जीत दर्ज कर चुके हैं. वर्ष 2017 में उन्होंने कांग्रेस के राजपाल सिंह बिष्ट को 7,354 मतों से हराया था, जबकि 2022 में कांग्रेस के केसर सिंह नेगी को 11,430 मतों के अंतर से पराजित किया था.ऐसे में महाराज की इस सीट पर मजबूत राजनीतिक पकड़ रही है.लेकिन अगर 2027 में भाजपा सुयश रावत को मौका देने का फैसला करती है तो यह चौबट्टाखाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव होगा.
सवाल यह भी है कि क्या भाजपा का स्थानीय संगठन और वर्षों से क्षेत्र में काम कर रहे पार्टी कार्यकर्ता एक नए चेहरे को स्वीकार करेंगे? क्या सुयश रावत अपने पिता के राजनीतिक प्रभाव को वोटों में तब्दील कर पाएंगे?

कांग्रेस का परिवारवाद का आरोप, भाजपा के सामने भी चुनौती

सुयश रावत की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता को लेकर कांग्रेस को भाजपा पर हमला बोलने का एक नया मुद्दा मिल सकता है. कांग्रेस पहले भी भाजपा पर परिवारवाद को लेकर सवाल उठाती रही है. अब अगर सतपाल महाराज अपने बेटे को राजनीतिक उत्तराधिकारी के तौर पर आगे बढ़ाते हैं तो कांग्रेस इसे परिवारवाद और राजनीतिक विरासत सौंपने की कोशिश बताकर मुद्दा बना सकती है.
वहीं भाजपा के सामने भी एक राजनीतिक चुनौती होगी. पार्टी लगातार संगठन और कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने की बात करती रही है. ऐसे में चौबट्टाखाल में अगर किसी स्थानीय कार्यकर्ता की जगह सुयश रावत को टिकट दिया जाता है तो पार्टी के भीतर भी असंतोष की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता.

2027 में चौबट्टाखाल का चुनाव होगा दिलचस्प

चौबट्टाखाल विधानसभा सीट पर सतपाल महाराज के सामने पहले से ही कई राजनीतिक चुनौतियां हैं. क्षेत्र में विकास, रोजगार, पलायन, स्वास्थ्य सुविधाएं और सड़क जैसे मुद्दे चुनाव में अहम भूमिका निभा सकते हैं.
ऐसे में सुयश रावत को आगे बढ़ाने की संभावित रणनीति महाराज के लिए कितनी फायदेमंद साबित होगी, यह आने वाला समय बताएगा.
एक तरफ सतपाल महाराज का राजनीतिक अनुभव, आध्यात्मिक पहचान और प्रदेश की राजनीति में बड़ा कद है, तो दूसरी तरफ सुयश रावत के सामने अपनी अलग राजनीतिक पहचान स्थापित करने की चुनौती होगी.