साइकिल पर निकलें प्रकृति के पहरी!डॉ अनिल जोशी की प्रकृति पथ यात्रा नें पर्यावरण बचाने की छेड़ी मुहिम

पर्यावरण संरक्षण को लेकर देश में जनजागरूकता की एक अनूठी पहल देखने को मिल रही है.पद्मश्री और पद्मभूषण से सम्मानित प्रख्यात पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकली ‘प्रकृति पथ’ अंतरराष्ट्रीय साइकिल यात्रा ने करीब 3000 किलोमीटर का सफर तय करने का लक्ष्य रखा है.इस यात्रा का शुभारंभ 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के अवसर पर नेपाल के जनकपुर धाम से किया गया था.
यात्रा का उद्देश्य केवल साइकिल चलाकर दूरी तय करना नहीं, बल्कि समाज को यह समझाना है कि प्रकृति के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है.विकास की दौड़ में मनुष्य जिस तरह प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रहा है, उसका असर अब जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण, जल संकट, जंगलों की कटाई और प्राकृतिक आपदाओं के रूप में सामने आ रहा है.

डॉ. जोशी का संदेश है कि प्रकृति ही सबसे बड़ा धर्म है और प्रकृति तथा प्रभु में कोई अंतर नहीं है.इस संदेश को लेकर यात्रा के सदस्य विभिन्न शहरों, शिक्षण संस्थानों, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संगठनों में लोगों से संवाद कर रहे हैं.

2 अक्टूबर को नेपाल से हुई यात्रा की शुरुआत

महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को इस अभियान की शुरुआत हुई.नेपाल के जनकपुर धाम को यात्रा का शुरुआती केंद्र बनाया गया.जनकपुर माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है.डॉ. जोशी ने जनकपुर को यात्रा के लिए चुनने के पीछे माता सीता के धैर्य, मातृत्व और प्रकृति से जुड़े भावों का उल्लेख किया था.नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए भी इस स्थान का चयन महत्वपूर्ण माना गया.

कितने यात्री हैं शामिल?

इस अंतरराष्ट्रीय साइकिल अभियान में डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में लगभग 15 साइकिल यात्री शामिल हैं.यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर स्थानीय पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी और संस्थाएं भी अभियान से जुड़ रही हैं.
यात्रा में 17 वर्ष से लेकर 70 वर्ष तक की उम्र के लोगों की भागीदारी देखीं गई हैं.इसका उद्देश्य यह दिखाना है कि प्रकृति संरक्षण किसी एक उम्र, वर्ग या संस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है.यह यात्रा लगभग 50 से 55 दिनों में 3000 किलोमीटर का सफर पूरा करने के लक्ष्य के साथ निकली है.नेपाल के जनकपुर धाम से शुरू हुई यह यात्रा भारत के कई राज्यों से होकर आगे बढ़ रही है.इसका मार्ग पर्यावरणीय और सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को जोड़ता है.

यात्रा के प्रमुख पड़ाव इस प्रकार हैं:

नेपाल: जनकपुर धाम.
बिहार: मधुबनी, दरभंगा, दलसिंहसराय, बेगूसराय, मुंगेर, भागलपुर, बांका, जमुई, बाढ़, पटना, आरा और बक्सर।
झारखंड: देवघर.
उत्तर प्रदेश: देवरिया, गोरखपुर, अयोध्या, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर, आगरा और मथुरा.
मध्य प्रदेश: दतिया और ग्वालियर.
राजस्थान: धौलपुर.
दिल्ली-एनसीआर: पलवल, फरीदाबाद और दिल्ली.
उत्तर प्रदेश: मेरठ और आगे के निर्धारित पड़ाव.
उत्तराखंड: देहरादून.
इन पड़ावों के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और सामाजिक संगठनों के साथ पर्यावरण संबंधी परिचर्चाएं की जा रही हैं.इस यात्रा का अंतिम गंतव्य देहरादून रखा गया है, जो डॉ. जोशी की कर्मभूमि भी है.

यात्रा के दौरान मुख्य रूप से पांच महत्वपूर्ण विषयों पर किया जा रहा हैं जनसंवाद

जल संरक्षण: नदियों, तालाबों, झरनों और प्राकृतिक जलस्रोतों को बचाना.
जंगलों का संरक्षण: वनों की कटाई रोकना और जैव विविधता को सुरक्षित रखना.
स्वच्छ हवा: वाहनों और औद्योगिक प्रदूषण को कम करने के लिए जागरूकता.
उपजाऊ मिट्टी: रासायनिक प्रदूषण और भूमि के अनियंत्रित दोहन पर चिंता.
जलवायु परिवर्तन: बढ़ते तापमान, अनियमित बारिश, बाढ़, सूखे और प्राकृतिक आपदाओं के प्रति समाज को जागरूक करना.

डॉ. जोशी का मानना है कि केवल पौधे लगा देना पर्यावरण संरक्षण नहीं हैं.पौधों को बचाना, जलस्रोतों को पुनर्जीवित करना और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर विकास करना ज्यादा जरूरी है.उनका यह भी कहना है कि स्वच्छ हवा, पर्याप्त पानी और उपजाऊ मिट्टी आने वाली पीढ़ियों की सबसे बड़ी जरूरत हैं.इसलिए प्रकृति संरक्षण को चुनावी राजनीति और सरकारी घोषणाओं से ऊपर उठाकर सामाजिक आंदोलन बनाना होगा.

उत्तराखंड के लिए भी महत्वपूर्ण है यह अभियान

डॉ. अनिल प्रकाश जोशी का यह अभियान उत्तराखंड के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है.उत्तराखंड में लगातार बढ़ता शहरीकरण, जंगलों पर दबाव, जलस्रोतों का सूखना, नदियों का प्रदूषण, भूस्खलन और अनियोजित निर्माण जैसी चुनौतियां सामने हैं.
ऐसे में कोटद्वार की धरती से निकले एक पर्यावरणविद् का हजारों किलोमीटर साइकिल चलाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश देना अपने आप में प्रेरणादायक है.
‘प्रकृति पथ’ यात्रा यह सवाल भी खड़ा करती है कि आखिर विकास की हमारी परिभाषा क्या है? क्या सड़कें, इमारतें और आर्थिक तरक्की ही विकास हैं या आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, पर्याप्त पानी, हरे-भरे जंगल और सुरक्षित पर्यावरण छोड़ना भी हमारी जिम्मेदारी है?
डॉ. जोशी का यह अभियान इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश है कि प्रकृति बचेगी, तभी मानव सभ्यता और आने वाली पीढ़ियों का भविष्य सुरक्षित रहेगा.