2027 की विधानसभा जंग के लिए उत्तराखंड में कांग्रेस नें कसी कमर,राष्ट्रीय नेतृत्व के दरबार में पहुँचे धस्माना

उत्तराखंड !! देहरादून!! हिमांशु बडोनी!!

उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं.भारतीय जनता पार्टी जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी की रणनीति पर काम कर रही है, वहीं कांग्रेस भी इस बार सत्ता में वापसी के लिए संगठन को सक्रिय करने और चुनावी तैयारियों को धार देने में जुट गई है.इसी सिलसिले में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने नई दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया.
धस्माना ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल और पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात, प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों और उन मुद्दों को लेकर कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे आंदोलनों एवं संघर्षों की जानकारी राष्ट्रीय नेतृत्व को दी.
मुलाकात के दौरान धस्माना ने राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल को बताया कि प्रदेश कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में पूरी ताकत से जुट गए हैं. उनका दावा है कि प्रदेश की जनता भी अब सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है. उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे.
धस्माना के मुताबिक राष्ट्रीय नेतृत्व को भी उत्तराखंड में कांग्रेस से आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर काफी उम्मीदें हैं.ऐसे में दिल्ली में हुई यह मुलाकात केवल शिष्टाचार भेंट नहीं, बल्कि मिशन-2027 की तैयारियों के लिहाज से राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है.

2022 के चुनावी आंकड़े बताते हैं कांग्रेस के सामने कितनी बड़ी चुनौती

उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस की संभावनाओं को समझने के लिए पिछले दो विधानसभा चुनावों के आंकड़े बेहद महत्वपूर्ण हैं. राज्य में विधानसभा की कुल 70 सीटें हैं और सरकार बनाने के लिए 36 विधायकों का समर्थन आवश्यक हैं.

कांग्रेस को 2022 के विधानसभा चुनाव में 20,38,509 वोट मिले थे, जबकि भाजपा को 23,83,838 वोट प्राप्त हुए थे.दोनों दलों के बीच वोट प्रतिशत का अंतर लगभग 6.42 प्रतिशत रहा. इसके बावजूद सीटों के मामले में भाजपा ने कांग्रेस से 28 सीटें अधिक हासिल कीं.
यह आंकड़ा कांग्रेस के लिए दो तरह का संदेश देता है.पहला, प्रदेश में उसका जनाधार पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है.दूसरा, वोटों को सीटों में बदलने के लिए उसे बूथ स्तर पर मजबूत रणनीति तैयार करनी होगी.

2017 और 2022 के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन

कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती पिछले चुनावों के प्रदर्शन में सुधार करने की है।
चुनाव वर्ष भाजपा कांग्रेस
2017के विधानसभा चुनावों में भाजपा नें 57 सीटें जीती जबकि कांग्रेस 11 सीटे जीतने में कामयाब रही.
2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा 47 सीटें जीतने में सफल रही जबकि कांग्रेस 19 सीटें जीतने में कामयाब रही
2017 में भाजपा ने 46.5 प्रतिशत वोट हासिल कर 57 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को 33.5 प्रतिशत वोट के साथ केवल 11 सीटें मिली थीं.
2022 में कांग्रेस ने अपना प्रदर्शन सुधारते हुए 19 सीटें हासिल कीं और वोट प्रतिशत भी बढ़ाया.हालांकि भाजपा लगातार दूसरी बार सत्ता में आई और उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार किसी सत्तारूढ़ दल ने लगातार दूसरी बार विधानसभा चुनाव जीतने का रिकॉर्ड बनाया.

2027 में कांग्रेस के सामने पांच बड़ी चुनौतियां

1. मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर स्पष्टता

कांग्रेस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी किस चेहरे के नेतृत्व में मैदान में उतरेगी. क्या पार्टी सामूहिक नेतृत्व के आधार पर चुनाव लड़ेगी या किसी एक नेता को आगे रखकर चुनावी अभियान चलाएगी?

2. गुटबाजी पर लगाम

प्रदेश कांग्रेस में अलग-अलग नेताओं के अपने राजनीतिक समीकरण हैं. ऐसे में राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने सबसे बड़ी चुनौती सभी नेताओं को एक मंच पर लाकर चुनावी लड़ाई के लिए एकजुट करना होगा.

3. बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती

2022 में कांग्रेस ने 19 सीटें जीती थीं, जबकि भाजपा 47 सीटों पर विजयी रही.ऐसे में कांग्रेस को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में बूथ प्रबंधन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और मतदाताओं से सीधे संवाद पर विशेष ध्यान देना होगा.

4. स्थानीय मुद्दों को चुनावी एजेंडे में शामिल करना

भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, बेरोजगारी, पलायन, स्वास्थ्य सुविधाएं, शिक्षा, महंगाई, सड़क और ग्रामीण विकास जैसे मुद्दे आगामी चुनाव में महत्वपूर्ण हो सकते हैं.कांग्रेस इन मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रही है.

5. टिकट वितरण और स्थानीय समीकरण

2027 में कांग्रेस के सामने उम्मीदवारों का चयन भी बड़ी चुनौती होगा.पार्टी को ऐसे चेहरों की तलाश करनी होगी जिनकी अपने विधानसभा क्षेत्रों में मजबूत पकड़ हो और जो चुनावी मुकाबले में भाजपा को चुनौती दे सकें.

धस्माना की दिल्ली मुलाकात के क्या हैं राजनीतिक मायने?

सूर्यकांत धस्माना की राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात को कांग्रेस की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
उत्तराखंड में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय नेतृत्व से मार्गदर्शन लेना इस बात का संकेत है कि पार्टी अब चुनावी तैयारियों को गंभीरता से आगे बढ़ाना चाहती है.
दिल्ली में कांग्रेस के बड़े नेताओं से हुईं मुलाकात की जानकारी देतें हुए सूर्यकान धस्माना नें कहा कि राज्य के राजनीतिक मुद्दों और संगठन की तैयारियों पर राष्ट्रीय नेतृत्व को महत्वपूर्ण जानकारी उनके द्वारा दी गई.अब देखना होगा कि दिल्ली से मिले मार्गदर्शन को प्रदेश कांग्रेस जमीन पर किस तरह उतारती है.