किच्छा/देहरादून। उत्तराखंड के किच्छा में कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कथित मारपीट और स्ट्रांग रूम के बाहर हुए हंगामे के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है.घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखे राजनीतिक आरोप लगाए हैं और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई है.
पूर्व मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने किच्छा की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई घटना गंभीर है.उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है.
‘कार्रवाई नहीं हुई तो सड़कों पर उतरेंगे’
नैथानी ने चेतावनी दी कि यदि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे.उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए.पूर्व मंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए प्रदेश में ‘गुंडाराज कायम करने’ का आरोप लगाया है.पूर्व मंत्री नैथानी नें कहा कि एक विधायक के साथ ज़ब खुलेआम भाजपा के गुंडे मारपीट क़र सकतें है तो प्रदेश में आम आदमी के साथ क्या हो सकता है यह भलीभांति समझा जा सकता है.
धीरेन्द्र प्रताप का राजेश शुक्ला पर निशाना
उधर, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता धीरेन्द्र प्रताप ने भी किच्छा प्रकरण को लेकर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला पर निशाना साधा.उन्होंने आरोप लगाया कि राजेश शुक्ला की गतिविधियों से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है और ऐसी घटनाओं से राजनीतिक तनाव बढ़ता है.
स्ट्रांग रूम के बाहर हुआ था हाई-वोल्टेज ड्रामा
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार,मंगलवार को किच्छा के नवीन मंडी स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर पर्दे लगाए जाने को लेकर विवाद शुरू हुआ.इसके बाद कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए। धक्का-मुक्की और हंगामे के बाद पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए कार्रवाई की.बेहड़ ने आरोप लगाया कि उन्हें पूर्व विधायक के साथ आए एक व्यक्ति ने थप्पड़ मारा.
पुलिस ने दोनों पक्षों को अलग किया और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया.घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई और मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो गई.
अब बड़ा सवाल यह है कि किच्छा की इस घटना में पुलिस और प्रशासन की अगली कार्रवाई क्या होती है और क्या आरोपों की जांच के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी.




