रुद्रप्रयाग। विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग श्री केदारनाथ धाम में वर्ष 2026 की यात्रा अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है.हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच विराजमान बाबा केदार के धाम में शीतकालीन प्रवास की तैयारियां शुरू हो गई हैं.मंदिर के क्षेत्रपाल एवं रक्षक भगवान भुकुंट भैरवनाथ के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं.इसके साथ ही मुख्य केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया भी शुरू हो गई है.
दीपावली के अवसर पर बाबा केदार का दरबार विशेष रूप से सजाया गया था.मंदिर परिसर से लेकर प्रवेश द्वार तक फूलों की आकर्षक सजावट की गई थी.इस बार करीब 20 क्विंटल फूलों से सजे मंदिर की भव्यता श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है.फूलों की खुशबू और बाबा के जयकारों के बीच धाम में अब विदाई के धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारियां चल रही हैं.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवंबर को भैया दूज के पावन अवसर पर सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे.इसके बाद बाबा की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए प्रस्थान करेगी.सर्दियों में श्रद्धालु ऊखीमठ में ही बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे.

इस बार कौन-कौन पहुंचे बाबा केदार के दरबार?
वर्ष 2026 की यात्रा के दौरान कई विशिष्ट हस्तियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें प्रमुख रूप से:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 22 अप्रैल को कपाट खुलने के अवसर पर दर्शन किए.प्रसिद्ध उद्योगपति गौतम अडानी ने निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत बाबा केदार के दर्शन किए.राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का नवंबर के प्रथम सप्ताह में केदारनाथ दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित था.उनके दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां भी की थीं.
कपाट बंद होने के अवसर पर कौन-कौन रहेगा मौजूद?
11 नवंबर को कपाट बंद होने के धार्मिक समारोह में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, मंदिर समिति के पदाधिकारी, रावल, पुजारी, तीर्थपुरोहित, हक-हकूकधारी और जिला प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी रहने की संभावना है.कपाट बंद होंने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी पहुंचने की संभावना हैं.
हेमंत द्विवेदी बोले – श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के दौरान कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में चारधाम यात्रा का संचालन बेहतर ढंग से किया गया.मंदिर समिति की प्राथमिकता देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराना रही है.वीआईपी व्यवस्था को सीमित करने और आम श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देने की दिशा में भी कदम उठाए गए।
उन्होंने यात्रा में सहयोग करने वाले तीर्थपुरोहितों, हक-हकूकधारियों, मंदिर समिति के कर्मचारियों, पुलिस, प्रशासन और सभी संबंधित विभागों का आभार जताया.
शीतकाल में ऊखीमठ में होंगे बाबा केदार के दर्शन
श्री बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी नें जानकारी देतें हुए बताया कि 11 नवंबर को मुख्य मंदिर के कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी.इसके बाद शीतकाल में यहीं नियमित पूजा-अर्चना होगी और श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर सकेंगे.
इस तरह हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच छह महीने तक गूंजने वाले हर-हर महादेव के जयकारे अब शीतकालीन प्रवास की ओर बढ़ेंगे.बाबा केदार की नगरी भले ही बर्फ की सफेद चादर ओढ़कर शांत हो जाएगी, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था और बाबा के प्रति विश्वास की परंपरा निरंतर जारी रहेगी.






