चौबट्टाखाल में मंत्री सतपाल महाराज की अग्निपरीक्षा,अपनों की नाराजगी बनेगी चुनौती?

उत्तराखंड | 18 नवंबर 2026 | हिमांशु बडोनी

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं.भाजपा जहां एक बार फिर सत्ता में वापसी की रणनीति तैयार कर रही है, वहीं पार्टी के कुछ विधानसभा क्षेत्रों में अंदरूनी असंतोष भी चुनावी समीकरण बिगाड़ने का संकेत दे रहा है. इन्हीं सीटों में चौबट्टाखाल विधानसभा भी शामिल है, जहां कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के लिए 2027 की चुनावी राह आसान नजर नहीं आ रही है.
सतपाल महाराज प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं और चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं. सरकार में उनका कद और राजनीतिक अनुभव किसी से छिपा नहीं है, लेकिन विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन के भीतर वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी उनके लिए चुनौती बन सकती है.

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की नाराजगी बन सकती है चुनावी चुनौती

राजनीति में किसी भी विधायक की ताकत केवल उसके पद और प्रभाव से नहीं आंकी जाती, बल्कि उसके साथ खड़े संगठन और कार्यकर्ताओं की सक्रियता भी अहम भूमिका निभाती है. चौबट्टाखाल में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी की चर्चाएं अब राजनीतिक गलियारों में सवाल खड़े कर रही हैं.
यदि पार्टी के पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं की नाराजगी समय रहते दूर नहीं हुई तो इसका असर चुनावी तैयारियों पर पड़ सकता है.भाजपा के लिए बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती बेहद जरूरी है और ऐसे में कार्यकर्ताओं की अनदेखी का मुद्दा चुनाव के समय नुकसान पहुंचा सकता है.

मंत्री का कद बड़ा, लेकिन स्थानीय समीकरण भी अहम

सतपाल महाराज प्रदेश की राजनीति का बड़ा चेहरा माने जाते हैं. सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होने के बावजूद विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. 2027 में विपक्ष भी इन्हीं मुद्दों को लेकर भाजपा को घेरने की कोशिश करेगा.चौबट्टाखाल में अब सवाल केवल सतपाल महाराज की लोकप्रियता का नहीं, बल्कि यह भी है कि क्या भाजपा का पुराना कार्यकर्ता और संगठन पूरी मजबूती के साथ उनके समर्थन में खड़ा होगा?

मिशन-2027 में भाजपा के सामने अपनों को साधने की चुनौती

2027 का चुनाव नजदीक आते ही चौबट्टाखाल में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्ष से मुकाबला करने के साथ-साथ अपने संगठन में आपसी तालमेल बनाए रखने की भी होगी.पिछले दिनों चौबट्टाखाल विधानसभा के वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं नें एक बैठक क़र अपनी नाराजगी भी महाराज के प्रति जाहिर की.भाजपा कार्यकर्ताओं नें इस बैठक में एक सुर में आवाज़ उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार उनकी अनदेखी हो रही हैं और इस अनदेखी का खामिजाया सतपाल महाराज कों भुगतना पड़ेगा.
अब देखना दिलचस्प होगा कि कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर कर संगठन को एकजुट करने में कितने सफल होते हैं. क्योंकि चुनाव में विरोधियों से मुकाबला करने से पहले अपनों का विश्वास जीतना भी जरूरी होता है।