80 साल की उम्र में भी कायम हैं आधुनिम भीम का दम,दुनिया कों दिखाएंगे फिर अपनी ताकत

उत्तराखंड,कोटद्वार ! 27 नवम्बर ! हिमांशु बडोनी

उम्र महज एक आंकड़ा है और इच्छाशक्ति के आगे उम्र की सीमाएं भी छोटी पड़ जाती हैं.इसका उदाहरण पेश करने जा रहे हैं आधुनिक भीम के नाम से पहचाने जाने वाले विश्वपाल जयंत सरस्वती. 80 वर्ष की उम्र में वह ऐसे हैरतअंगेज करतब दिखाने की तैयारी कर रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो सकते हैं.बसंत पंचमी के दिन कोटद्वार स्थित पौराणिक कण्वाश्रम में विश्वपाल जयंत सरस्वती अपने प्रदर्शन में पावर योगा, शारीरिक शक्ति और वर्षों के संयम का अनूठा मिश्रण पेश करेंगे. उनके कार्यक्रम में हाथों से गाड़ियां खींचने और अपनी ताकत के दम पर प्लेटें फाड़ने जैसे करतब प्रमुख आकर्षण का केंद्र होंगे.

उम्र के 80वें पड़ाव पर पहुंचने के बावजूद अपनी शारीरिक शक्ति और योग साधना से लोगों को चौंकाने की तैयारी कर रहे हैं आधुनिक भीम के नाम से प्रसिद्ध विश्वपाल जयंत सरस्वती.उनकी पहचान सिर्फ एक ताकतवर व्यक्तित्व के रूप में नहीं, बल्कि योग, प्राण शक्ति और वर्षों के अनुशासन के अनूठे संगम के रूप में रही है.

विश्वपाल जयंत सरस्वती एक बार फिर अपने हैरतअंगेज शक्ति प्रदर्शनों के जरिए लोगों को रोमांचित करने जा रहे हैं.खास बात यह है कि इस बार उनका प्रदर्शन केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहेगा. इसकी शुरुआत उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के सिसौली गांव से होगी,जों उनकी जन्मस्थली हैं.इसके बाद वह गुजरात के राज्यपाल देवव्रत के आग्रह पर अहमदाबाद में अपनी शक्ति का प्रदर्शन करेंगे.वहीं, अंतिम और विशेष प्रदर्शन बसंत पंचमी के अवसर पर कोटद्वार स्थित ऐतिहासिक कण्वाश्रम में अपने आश्रम में करेंगे.इन आयोजनों को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

गाड़ियां रोकने से लेकर लोहे की प्लेट फाड़ने तक के करतब

विश्वपाल जयंत सरस्वती के नाम ऐसे कई असाधारण शक्ति प्रदर्शन जुड़े बताए जाते हैं, जिन्हें देखकर दर्शक हैरान रह जाते हैं. उनके चर्चित करतबों में तेज रफ्तार कारों और जीपों को अपने शरीर के बल से रोकना, यहां तक कि दो ट्रकों की ताकत का मुकाबला करना शामिल रहा है.
इतना ही नहीं, जमीन पर लेटकर छाती के ऊपर से भारी वाहन और रोड रोलर गुजारने, मोटे लोहे के सरियों को मोड़ने तथा स्टील की थालियों को हाथों से फाड़ने जैसे प्रदर्शन भी उनकी पहचान रहे हैं.

अमेरिका में भी दिखा चुके हैं अपनी शक्ति

बताया जाता है कि विश्वपाल जयंत सरस्वती ने भारत के अलावा अमेरिका के न्यूयॉर्क और कैलिफोर्निया में भी अपने शक्ति प्रदर्शनों से दर्शकों को प्रभावित किया.वहां दो कारों और ट्रकों को रोकने जैसे करतबों के चलते उन्हें आयरन मैन के नाम से भी पहचान मिली.
उनकी इसी असाधारण शक्ति प्रदर्शन की परंपरा के चलते उन्हें आधुनिक भीम के रूप में जाना जाता है.उनके जीवन और उपलब्धियों से जुड़े विवरणों में तत्कालीन राष्ट्रपति वी.वी. गिरि द्वारा आधुनिक भीम की उपाधि से सम्मानित किए जाने का भी उल्लेख मिलता है.

कण्वाश्रम में बसंत पंचमी पर होगा विशेष आयोजन

इस पूरे आयोजन का सबसे खास पड़ाव कोटद्वार का ऐतिहासिक कण्वाश्रम होगा.बसंत पंचमी पर अपने आश्रम में विश्वपाल जयंत सरस्वती शक्ति प्रदर्शन करेंगे.इस आयोजन को लेकर आश्रम में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं.
80 वर्ष की उम्र में पावर योगा, प्राण शक्ति और संयम के साथ इस तरह के प्रदर्शन की तैयारी निश्चित रूप से लोगों के बीच आकर्षण का विषय बनी हुई है.अब लोगों की निगाहें बसंत पंचमी पर होने वाले उनके प्रदर्शन पर टिकी हैं.
आधुनिक भीम का यह आयोजन केवल शारीरिक ताकत का प्रदर्शन नहीं, बल्कि योग साधना, अनुशासन और लंबे अभ्यास की चर्चा को भी एक बार फिर केंद्र में लाने जा रहा है.