उत्तर प्रदेश ! 25 नवम्बर! हिमांशु बडोनी

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा नदी के पावन तट पर आयोजित होने वाला ऐतिहासिक गढ़मुक्तेश्वर गढ़ गंगा मेला एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संगम बनकर सामने आया.कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस मेले में देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाई और दीपदान कर अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
20 से 26 नवंबर तक आयोजित इस विशाल धार्मिक मेले में गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा.24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान और दीपदान के साथ पूरा गंगा तट भक्ति और आध्यात्मिकता के रंग में रंग गया.दूर-दूर तक फैली तंबू नगरी, गंगा किनारे पूजा-अर्चना करते श्रद्धालु और हजारों दीपों की रोशनी ने इस आयोजन को अविस्मरणीय बना दिया.
महाभारत कालीन मान्यताओं से जुड़ा है गढ़ गंगा मेले का इतिहास
गढ़मुक्तेश्वर का यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता, पौराणिक परंपराओं और लोक संस्कृति की जीवंत विरासत भी है.धार्मिक मान्यताओं के अनुसार महाभारत युद्ध के बाद पांडवों ने भगवान श्रीकृष्ण के मार्गदर्शन में अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए गंगा स्नान और दीपदान किया था. इसी परंपरा से इस स्थान पर कार्तिक पूर्णिमा के स्नान और दीपदान का विशेष महत्व जुड़ा माना जाता है.
मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन मां गंगा में स्नान करने और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.यही वजह है कि उत्तर प्रदेश के अलावा दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब सहित कई राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंचते है.मेले में गंगा स्नान के साथ पितरों के निमित्त तर्पण, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान भी किए जाते हैं.
इस मेले की खासियत यह भी है कि यहां धार्मिक आयोजनों के साथ लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन की झलक भी देखने को मिलती है. लोकगीत, भजन, पारंपरिक बाजार और विभिन्न नस्लों के घोड़ों की प्रदर्शनी मेले को विशिष्ट पहचान देते हैं. घोड़ों की खरीद-फरोख्त और उनकी सजावट देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर DIG कलानिधि नैथानी रहे सक्रिय
मेले में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी.मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) कलानिधि नैथानी ने स्वयं गढ़ गंगा मेले का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
22 नवंबर को डीआईजी कलानिधि नैथानी ने हापुड़ के जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण किया. उन्होंने प्रमुख स्नान घाटों और मुख्य बाजारों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था परखी.इस दौरान श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया और पुलिसकर्मियों का मार्गदर्शन कर उनका मनोबल बढ़ाया.
इस बार गढ़मुक्तेश्वर और अमरोहा के तिगरी गंगा मेले को जोड़ने के लिए पहली बार बनाए गए पीपे के पुल पर भी डीआईजी कलानिधि नैथानी ने दोनों जिलों के पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त पैदल गश्त की.इसका उद्देश्य दोनों ओर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवागमन को सुचारु बनाए रखना था.
डीआईजी के निरीक्षण और पुलिस प्रशासन की सक्रियता से मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता दिखाई दी.लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच घाटों, बाजारों और प्रमुख मार्गों पर निगरानी तथा पुलिस बल की तैनाती को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के रूप में लिया गया.
गढ़मुक्तेश्वर का गढ़ गंगा मेला पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल हैं.इसकी विशालता और श्रद्धालुओं की भागीदारी के कारण इसे मिनी कुंभ के रूप में भी पहचान मिलती है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मेले को कुंभ की तर्ज पर आयोजित करने और श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल तथा अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे.
यह मेला स्थानीय व्यापार, हस्तशिल्प, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और लोक संस्कृति को भी बढ़ावा देता है. स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक वस्तुओं के बाजार मेले की रौनक बढ़ाते हैं.
आस्था की विरासत को संजोए हुए है गंगा का पावन तट
गढ़मुक्तेश्वर का गढ़ गंगा मेला इस बात का प्रतीक है कि भारत में नदियां केवल जलधारा नहीं, बल्कि संस्कृति, सभ्यता और आस्था की आधारशिला हैं. मां गंगा के प्रति श्रद्धा, पितरों के प्रति सम्मान और पीढ़ियों से चली आ रही धार्मिक परंपराएं इस मेले को विशिष्ट बनाती हैं.
कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं का एक साथ गंगा तट पर पहुंचना भारतीय सांस्कृतिक एकता और धार्मिक विश्वास की अद्भुत तस्वीर पेश करता है. दीपदान की रोशनी से जगमगाते घाट और मां गंगा की आरती का दृश्य लंबे समय तक श्रद्धालुओं के मन में आध्यात्मिक स्मृति बनकर रहता है.
गढ़ गंगा मेला वास्तव में आस्था, अध्यात्म, परंपरा और लोक संस्कृति का ऐसा महापर्व है, जो हर वर्ष भारतीय धार्मिक विरासत की भव्यता का परिचय कराता है.






