ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए बड़ा दिन,सुमेरपुर-मरोड़ा के बीच 6.59 किमी.टनल का हुआ ब्रेकथू

ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना को बड़ी कामयाबी, 6.59 किलोमीटर लंबी टनल-14 का ब्रेकथ्रू पूरा

रुद्रप्रयाग में RVNL ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, दोनों छोर से हो रही सुरंग की खुदाई को सफलतापूर्वक जोड़ा; रेल परियोजना को मिलेगी नई गति

उत्तराखंड ! हिमांशु बडोनी ! 27 नवम्बर ! विशेष संवाददाता

उत्तराखंड की महत्वाकांक्षी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के निर्माण कार्य में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. 27 नवंबर 2026 को रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) ने रुद्रप्रयाग जिले में 6.59 किलोमीटर लंबी टनल-14 का मुख्य ब्रेकथ्रू सफलतापूर्वक पूरा कर लिया.इस उपलब्धि के साथ सुरंग के दोनों छोर से की जा रही खुदाई आपस में जुड़ गई है.

जानकारी के अनुसार, टनल-14 की खुदाई दो अलग-अलग छोरों से की जा रही थी. सुमेरपुर स्थित पोर्टल-1 की ओर से 4.7 किलोमीटर तथा मरोड़ा स्थित पोर्टल-2 की ओर से 1.79 किलोमीटर सुरंग की खुदाई की गई. दोनों हिस्सों के जुड़ने के साथ ही 6.59 किलोमीटर लंबी सुरंग का मुख्य ब्रेकथ्रू हासिल हुआ.

आबादी के नीचे सुरंग बनाना थी बड़ी चुनौती

इस सुरंग का निर्माण इंजीनियरों के लिए तकनीकी रूप से काफी चुनौतीपूर्ण रहा.सुमेरपुर की ओर आबादी वाले क्षेत्र के नीचे ढीली मिट्टी और जमीन से महज 20 से 30 मीटर की गहराई में लगभग 110 मीटर लंबे ट्रिपल-ट्रैक सुरंग खंड का निर्माण करना पड़ा. इसके लिए प्री-एक्सकेवेशन और मल्टी-ड्रिफ्टिंग जैसी आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया गया.

मरोड़ा में पहाड़ी को सुरक्षित करने के लिए अपनाई गई विशेष तकनीक

मरोड़ा की ओर पहाड़ी की ढलान को स्थिर रखने के लिए 30 से 35 मीटर गहरी माइक्रोपाइलिंग, 15 से 20 मीटर लंबे रॉक बोल्ट और कंसोलिडेशन ग्राउटिंग का सहारा लिया गया. इस क्षेत्र में जमीन के धंसने, भूमि अधिग्रहण और मकानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के बाद मार्च 2024 में मुख्य सुरंग की खुदाई शुरू हो सकी.

गांवों की सुरक्षा के लिए दिन में ही की गई ब्लास्टिंग

सुरंग निर्माण के दौरान आसपास की आबादी की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई। दोनों पोर्टल के नजदीक नियंत्रित ब्लास्टिंग केवल दिन के समय की गई। पोर्टल-2 की ओर लगभग 100 मीटर तक यांत्रिक मशीनों से खुदाई की गई।
4.7 किलोमीटर सुरंग में विशेष वेंटिलेशन सिस्टम
सुमेरपुर की ओर से 4.7 किलोमीटर लंबी सुरंग की खुदाई के दौरान श्रमिकों को ताजी हवा उपलब्ध कराने और तापमान नियंत्रित रखने के लिए विशेष वेंटिलेशन सिस्टम भी लगाए गए।
टनल-14 का यह मुख्य ब्रेकथ्रू ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। पहाड़ों की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच आधुनिक इंजीनियरिंग और तकनीक के इस्तेमाल से मिली यह सफलता उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।