भाजपा कांग्रेस की बढ़ेगी मुश्किलें,महेन्द्र पाल सिंह की एंट्री से कोटद्वार में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार

कोटद्वार। कोटद्वार विधानसभा की राजनीति में 2027 का चुनाव इस बार कई नए समीकरणों को जन्म दे सकता है.भाजपा और कांग्रेस के बीच होने वाली परंपरागत चुनावी जंग में पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष महेन्द्र पाल सिंह रावत तीसरे विकल्प के रूप में उभर सकते हैं.नगर निगम चुनाव में उनके प्रदर्शन ने पहले ही यह संकेत दे दिया था कि कोटद्वार में प्रमुख राजनीतिक दलों के अलावा भी एक ऐसा मतदाता वर्ग मौजूद है, जो नए विकल्प को मौका देने के लिए तैयार है.
वर्ष 2025 के नगर निगम चुनाव में महेन्द्र पाल सिंह रावत ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में 8,059 वोट हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया था.खास बात यह रही कि भाजपा और कांग्रेस जैसे बड़े राजनीतिक दलों के संगठनात्मक ढांचे और चुनावी प्रचार के बीच उन्होंने अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई। भाजपा प्रत्याशी शैलेंद्र सिंह रावत को 38,175 और कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत को 23,944 वोट मिले थे। महेन्द्र पाल के खाते में आए 8,059 वोटों ने कोटद्वार की राजनीति में एक तीसरी धारा की संभावनाओं को चर्चा में ला दिया.

भाजपा-कांग्रेस से नाराज मतदाताओं की नजरें महेन्द्र पाल पर!

कोटद्वार में भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों को लेकर मतदाताओं के बीच असंतोष की चर्चाएं हैं.एक तरफ मौजूदा विधायक एवं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण के कार्यकाल को लेकर विपक्ष और विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से सवाल उठाए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ कांग्रेस भी अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की चुनौती से जूझ रही है.
स्थानीय मुद्दों, विकास कार्यों, जनसमस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को लेकर उठ रहे सवालों के बीच ऐसे मतदाताओं की तलाश जारी है, जो दोनों प्रमुख दलों से अलग किसी विकल्प पर विचार कर सकें. ऐसे में महेन्द्र पाल सिंह रावत की दावेदारी को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

8,059 वोटों से विधानसभा तक का सफर?

नगर निगम चुनाव में मिले 8,059 वोट महेन्द्र पाल सिंह के लिए एक महत्वपूर्ण राजनीतिक आधार बन सकते हैं.हालांकि नगर निगम और विधानसभा चुनाव के समीकरण अलग होते हैं, लेकिन इतने वोटों के साथ तीसरा स्थान हासिल करना उनकी राजनीतिक मौजूदगी का संकेत जरूर है.
यदि महेन्द्र पाल सिंह विधानसभा चुनाव लड़ने का निर्णय लेते हैं और पूर्व सैनिक संघर्ष समिति अपने संगठन को और मजबूत करती है, तो भाजपा और कांग्रेस दोनों के सामने एक नई चुनौती खड़ी हो सकती है.

पूर्व सैनिकों के साथ उनके आश्रितों की भूमिका अहम

कोटद्वार में पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का सामाजिक दायरा काफी व्यापक है. महेन्द्र पाल सिंह की पहचान पूर्व सैनिक संघर्ष समिति के अध्यक्ष के रूप में भी है. यदि वह चुनावी मैदान में उतरते हैं तो पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों और समिति से जुड़े लोगों का समर्थन जुटाने की कोशिश कर सकते हैं.
इसके अलावा भाजपा और कांग्रेस से असंतुष्ट मतदाताओं के बीच भी वह अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं. ऐसे मतदाता यदि उन्हें विकल्प के रूप में देखते हैं तो चुनावी मुकाबले का स्वरूप बदल सकता है.

क्या 2027 में कोटद्वार को मिलेगा तीसरा विकल्प?

कोटद्वार की राजनीति में इस समय सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या महेन्द्र पाल सिंह रावत 2027 के विधानसभा चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करेंगे? नगर निगम चुनाव के प्रदर्शन के बाद उनकी राजनीतिक संभावनाओं पर चर्चा होना स्वाभाविक है.
मौजूदा विधायक के कार्यकाल को लेकर उठ रहे सवाल, भाजपा-कांग्रेस के प्रति मतदाताओं में बताई जा रही नाराजगी और पूर्व सैनिक संघर्ष समिति की संगठनात्मक सक्रियता इन सभी पहलुओं ने महेन्द्र पाल की संभावित राजनीतिक भूमिका को चर्चा में ला दिया है.
यदि महेन्द्र पाल सिंह चुनावी मैदान में उतरते हैं तो मुकाबला केवल भाजपा और कांग्रेस के बीच नहीं रहेगा, बल्कि कोटद्वार में तीसरे विकल्प की संभावनाओं पर भी सबकी निगाहें रहेंगी.2025 के 8,059 वोट क्या 2027 में एक बड़ी राजनीतिक दावेदारी का आधार बनेंगे? कोटद्वार की सियासत में यह सवाल अब चर्चा का विषय है.