बरसात में भी देवप्रयाग में बूंद-बूंद पानी को तरसे लोग, UKD नेता राहुल कोटियाल का विधायक पर बड़ा हमला
देवप्रयाग।
देवप्रयाग..बरसात के मौसम में जब पहाड़ों में पानी की कमी नहीं होनी चाहिए, ऐसे समय में भी देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में पेयजल संकट गहराया हुआ है.उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) के युवा नेता राहुल कोटियाल ने भाजपा विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता पेयजल जैसी बुनियादी समस्या से बरसात के दिनों में भी जूझ रही है, लेकिन विधायक सोशल मीडिया पर रील बनाने में व्यस्त हैं.
कोटियाल के मुताबिक देवप्रयाग क्षेत्र के हिंडोलाखाल, कीर्तिनगर से लगे ग्रामीण इलाकों और आसपास के पहाड़ी गांवों में पेयजल समस्या लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनी हुई है.ग्रामीणों को पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों और दूसरे वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.
UKD नेता ने आरोप लगाया कि बरसात के दिनों में भी यदि ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए परेशान होना पड़े तो यह जल व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल है.उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने विधायक को समस्याओं के समाधान के लिए चुना है, न कि केवल सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने के लिए.
राहुल कोटियाल ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “जनता पानी के लिए परेशान है और विधायक सोशल मीडिया में रील बनाने में व्यस्त हैं.अगर विधायक जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर होते तो आज बरसात के मौसम में भी देवप्रयाग के गांवों में पेयजल संकट की स्थिति नहीं होती।”
उन्होंने सरकार और जल संस्थान से मांग की कि पेयजल संकट वाले गांवों की तत्काल सूची तैयार कर वैकल्पिक व्यवस्था की जाए और जिन पेयजल योजनाओं में तकनीकी या रखरखाव संबंधी दिक्कतें हैं, उन्हें जल्द दुरुस्त किया जाए.
2027 से पहले पेयजल बना सियासी मुद्दा
देवप्रयाग विधानसभा में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज होने के बीच पेयजल संकट का मुद्दा भी सियासी रंग लेता दिखाई दे रहा है.UKD नेता राहुल कोटियाल के इस हमले से साफ है कि पार्टी आने वाले समय में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और रोजगार जैसे स्थानीय मुद्दों को भाजपा के खिलाफ प्रमुख हथियार बनाने की तैयारी में है.
हालांकि, भाजपा विधायक और संबंधित विभाग की ओर से राहुल कोटियाल के आरोपों पर प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है.लेकिन जिस प्रकार बरसात के दिनों में भी संगम नगरी कहें जानें वाली देवप्रयाग विधानसभा में पेयजल संकट बना हुआ है उसने स्थानीय भाजपा विधायक विनोद कंडारी के दांवो की पोल खोल दी है.





