मिशन-2027,देवप्रयाग से कांग्रेस नेता मंत्री प्रसाद नैथानी नें ठोकी चुनावी ताल,मौसा के समर्थकों का मिला साथ

देहरादून। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं. इसी बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ने का ऐलान कर दिया है.छात्र राजनीति से अपना सफर शुरू करने वाले नैथानी का राजनीतिक अनुभव उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तराखंड की राजनीति तक फैला हुआ है. वह न केवल उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं, बल्कि उत्तराखंड में दो बार कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं.
नैथानी की 2027 की चुनावी तैयारी को केवल एक पूर्व मंत्री की चुनावी दावेदारी के तौर पर देखना पर्याप्त नहीं होगा. इसके पीछे कांग्रेस के साथ उनका पुराना राजनीतिक रिश्ता, निर्दलीय विधायक रहते हुए सरकार को दिया गया समर्थन और क्षेत्रीय राजनीति में उनका व्यक्तिगत प्रभाव भी महत्वपूर्ण है.

कांग्रेस के प्रति निष्ठा की कहानी, जब निर्दलीय होकर भी नहीं छोड़ा साथ

मंत्री प्रसाद नैथानी के राजनीतिक सफर का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय वर्ष 2012 का विधानसभा चुनाव रहा.उस समय कांग्रेस ने देवप्रयाग विधानसभा सीट से उन्हें टिकट नहीं दिया था.इसके बावजूद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की.चुनाव के बाद उत्तराखंड में सरकार बनाने के लिए कांग्रेस को सहयोगियों की जरूरत थी.तब नैथानी ने अन्य निर्दलीय और क्षेत्रीय दलों के विधायकों के साथ प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक फ्रंट (पीडीएफ) का गठन किया और कांग्रेस सरकार को समर्थन दिया.
उनके इस फैसले को कांग्रेस के प्रति राजनीतिक प्रतिबद्धता के रूप में देखा गया.उस दौर में पहले विजय बहुगुणा मुख्यमंत्री बने और बाद में हरीश रावत ने मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली.वर्ष 2016 के राजनीतिक संकट के दौरान भी पीडीएफ कांग्रेस सरकार के साथ खड़ा रहा.
यहां गौर करने वाली बात यह है कि नैथानी के पास राजनीतिक परिस्थितियों में दूसरे विकल्प भी मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कांग्रेस के साथ गठबंधन धर्म निभाने का रास्ता चुना.2016 में उन्होंने स्वयं भी सार्वजनिक रूप से कांग्रेस के साथ बने रहने और राजनीतिक प्रतिबद्धता निभाने की बात कही थी.

छात्र राजनीति से उत्तर प्रदेश विधानसभा तक

नैथानी की राजनीतिक यात्रा छात्र जीवन से शुरू हुई। वर्ष 1989 में वह उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य निर्वाचित हुए. उत्तराखंड राज्य बनने के बाद वर्ष 2002 के पहले विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर देवप्रयाग से जीत हासिल की.
वर्ष 2002 से 2004 तक उन्होंने तत्कालीन नारायण दत्त तिवारी सरकार में सहकारिता, पशुपालन एवं दुग्ध विकास मंत्री की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद वर्ष 2012 में निर्दलीय विधायक बनने पर उन्हें कांग्रेस सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया.इस कार्यकाल में उन्होंने शिक्षा एवं पेयजल जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली.इस तरह उनका राजनीतिक अनुभव तीन दशकों से अधिक का है.

दिवाकर भट्ट को बताते हैं अपना मौसा,अब उनके समर्थकों का भी मिल रहा साथ!

देवप्रयाग की राजनीति में पूर्व यूकेडी नेता दिवाकर भट्ट का अपना एक अलग प्रभाव रहा है.मंत्री प्रसाद नैथानी दिवाकर भट्ट को अपने मौसा जी कहकर संबोधित करते रहे हैं.दोनों नेताओं के बीच राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का लंबा इतिहास भी रहा है,लेकिन बावजूद इसके दिवाकर भट्ट और मंत्री प्रसाद नैथानी के पारिवारिक और व्यक्तिगत सम्बन्ध बहुत अच्छे रहें हैं.उत्तराखंड क्रांति दल के फील्ड मार्शल कहें जानें वाले दिवाकर भट्ट के निधन के बाद अब उनके समर्थकों की मंत्री प्रसाद नैथानी से नजदीकियां बढ़ रही हैं,पिछले दिनों दर्जनों उनके समर्थक मंत्री प्रसाद नैथानी के नेतृत्व में कांग्रेस का दामन थाम चुके हैं.ऐसे में यदि यह समर्थन चुनावी स्तर पर भी बड़ा विस्तार लेता दिखाई दिया तो देवप्रयाग की राजनीति में इसका असर देखने को मिल सकता है और इसका लाभ सीधे तौर पर मंत्री प्रसाद नैथानी कों मिलेगा.

स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद फिर सक्रियता

पिछले कुछ समय में आंखों से जुड़ी समस्या के कारण मंत्री नैथानी की राजनीतिक सक्रियता प्रभावित हुई थी.लेकिन उपचार के बाद वह एक बार फिर राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं.क्षेत्रीय बैठकों, राजनीतिक संवाद और सार्वजनिक मुद्दों पर उनकी बढ़ती सक्रियता भाजपा के लिए चुनावी मुश्किलें खड़ी क़र रही हैं.मंत्री प्रसाद नैथानी नें अपने ज़ारी एक बयान में साफ किया कि वह अब पूरी तरह से फिट हैं और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस कों देवप्रयाग विधानसभा में मजबूती प्रदान क़र रहें हैं.अपने विरोधियों पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंनें कहा कि इस बार देवप्रयाग में कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और भाजपा का सूपड़ा साफ करेंगी.

2027 में कांग्रेस के लिए कितने अहम होंगे नैथानी?

मंत्री प्रसाद नैथानी की चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि कांग्रेस उन्हें देवप्रयाग से किस भूमिका में आगे बढ़ाती है और पार्टी संगठन में उन्हें कितनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलती है.उनके पास छात्र राजनीति से लेकर विधानसभा और मंत्रिमंडल तक का अनुभव है.2012 में निर्दलीय जीत दर्ज करने का इतिहास भी उनके राजनीतिक सफर का महत्वपूर्ण पक्ष है.ऐसे में 2027 उनके लिए राजनीतिक वापसी का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा.कांग्रेस के प्रति उनकी पुरानी प्रतिबद्धता, पीडीएफ के दौर की भूमिका, दिवाकर भट्ट के समर्थकों से संभावित जुड़ाव और प्रदेश के मुद्दों पर उनकी सक्रियता आगामी चुनाव में उनकी राजनीति की दिशा तय करेंगी.