इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने केदारनाथ यात्रा को ऐतिहासिक और सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, केदार सभा, स्थानीय लोगों और देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया.उन्होंने कहा कि इस वर्ष श्री केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड उपस्थिति दर्ज हुई है.लगभग साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया.यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के श्री केदारनाथ धाम के प्रति विशेष लगाव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज के दिशा-निर्देशों में किए गए प्रयासों का परिणाम है.
साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं का पहुंचना बड़ी उपलब्धि : हेमंत द्विवेदी

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि चारधाम यात्रा प्रदेश की आस्था, संस्कृति और अर्थव्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है.केदारनाथ धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है.यात्रा को सफल बनाने में मंदिर समिति के कर्मचारियों, जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, सफाई कर्मियों, स्थानीय व्यापारियों और तमाम सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है.
उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने के बाद भी बाबा केदार की आस्था का सिलसिला जारी रहेगा.अब बीकेटीसी की ओर से शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने और श्रद्धालुओं को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में दर्शन के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा.
फूलों से सजा बाबा का दरबार, जय श्री केदार के उद्घोष से गूंजा धाम
कपाट बंद होने के अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था.दानीदाताओं और आईटीबीपी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारे आयोजित किए गए.पिछले दिनों आसपास की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के चलते धाम में ठंड का असर भी बढ़ गया था, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
परंपरा के अनुसार भैयादूज के अवसर पर सुबह 3:30 बजे मंदिर श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोला गया.सुबह पांच बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई.पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारी और वेदपाठियों की उपस्थिति में भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप दिया.स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से शिवलिंग को ढकने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए.
इसके पश्चात भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली मंदिर परिसर में पहुंची.पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव, जय श्री केदार और ऊं नमः शिवाय के जयघोष से गूंज उठा.सुबह 8:30 बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए.
सेना के बैंड की धुनों के बीच शीतकालीन गद्दीस्थल के लिए रवाना हुई बाबा की डोली
कपाट बंद होने के बाद भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और जयकारों के बीच प्रथम पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हुई.बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी नें जानकारी देतें हुए बताया कि 12 नवंबर को पंचमुखी डोली विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी, जबकि 13 नवंबर को भगवान केदारनाथ की डोली शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी.इसके बाद शीतकाल में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन ऊखीमठ में कर सकेंगे.
कपाट बंद होने के अवसर पर ये रहे मौजूद
बाबा केदार के कपाट बंद होंने के अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष hemantउपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, मंदिर समिति के सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डीएस भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी और एसडीआरएफ के अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे.
बाबा केदार के धाम के कपाट भले ही शीतकाल के लिए बंद हो गए हों, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था का प्रवाह अब ऊखीमठ की ओर बढ़ेगा। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि शीतकालीन यात्रा को गति देना समिति की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।






