भाजपा ने ससुर के खिलाफ बहू कों बनाया अपनी आवाज़,2027 से पहले उत्तराखंड में दिलचस्प हुआ सियासी मुकाबला

देहरादून। उत्तराखंड की सियासत में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक ऐसा राजनीतिक समीकरण सामने आया है, जिसने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है.कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत लगातार भाजपा सरकार और उसके नेताओं पर हमलावर हैं.दूसरी तरफ भाजपा ने अब उनके राजनीतिक परिवार से आने वाली अनुकृति गुसाईं को प्रदेश प्रवक्ता की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देकर मीडिया के मोर्चे पर उतार दिया है.
भाजपा ने प्रदेश प्रवक्ताओं की टीम का विस्तार करते हुए आठ नए नेताओं को जिम्मेदारी दी है.इसके साथ ही प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता टीम में अब कुल 18 प्रवक्ता हो गए हैं.इस सूची में हरक सिंह रावत की पुत्रवधू अनुकृति गुसाईं का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है.

हरक के सामने अब भाजपा की नई आवाज

हरक सिंह रावत उत्तराखंड की राजनीति में अपने बेबाक और आक्रामक बयानों के लिए जाने जाते हैं.पिछले कुछ महीनों में उन्होंने कांग्रेस के भीतर भी नेताओं पर निशाना साधा है और भाजपा के खिलाफ भी लगातार मोर्चा खोला है.
हाल ही में वंदे मातरम् को लेकर दिए गए उनके बयान ने प्रदेश की सियासत में नया विवाद खड़ा कर दिया. हरक ने भाजपा पर राष्ट्रवाद और संविधान के मुद्दों पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला.
यही वह राजनीतिक शैली है, जिसके सामने अब भाजपा की ओर से अनुकृति गुसाईं को मैदान में उतारा गया हैं.
सवाल यही है—क्या अनुकृति अपने ससुर के आक्रामक तेवरों का राजनीतिक जवाब दे पाएंगी?

रिश्ता परिवार का, मैदान राजनीति का

यह मुकाबला इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि यह सिर्फ भाजपा बनाम कांग्रेस का राजनीतिक संघर्ष नहीं रहेगा बल्कि एक तरफ कांग्रेस के मंच से हरक सिंह रावत होंगे और दूसरी तरफ भाजपा की प्रवक्ता के रूप में उनकी बहू अनुकृति गुसाईं होंगी.
हालांकि भाजपा ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि अनुकृति को विशेष रूप से हरक सिंह रावत के बयानों का जवाब देने के लिए प्रवक्ता बनाया गया है।.इसलिए इसे पार्टी की व्यापक मीडिया रणनीति का हिस्सा माना जाना ज्यादा उचित होगा.लेकिन राजनीतिक रूप से इस नियुक्ति का संदेश बेहद दिलचस्प और साफ है.भाजपा के इस मास्टर स्ट्रोक से एक ही परिवार के दो सदस्य अब दो अलग-अलग राजनीतिक विचारधाराओं के मंच पर खड़े दिखाई देंगे.

अनुकृति के लिए आसान नहीं होगी राह

अनुकृति गुसाईं के लिए प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी इसलिए भी चुनौतीपूर्ण होगी क्योंकि उन्हें सिर्फ भाजपा सरकार का बचाव नहीं करना होगा, बल्कि कांग्रेस के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं के राजनीतिक हमलों का जवाब भी देना होगा.
हरक सिंह रावत का लंबा राजनीतिक अनुभव है.वह कई बार विधायक और उत्तराखंड सरकार में मंत्री रह चुके हैं.उनके पास संगठन, सरकार और चुनावी राजनीति का लंबा अनुभव है.
इसके मुकाबले अनुकृति की सक्रिय चुनावी राजनीति अपेक्षाकृत नई है.उन्होंने 2022 में लैंसडाउन विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें भाजपा प्रत्याशी दिलीप सिंह रावत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर अप्रैल 2024 में भाजपा का दामन थाम लिया.

क्या बहू ससुर पर राजनीतिक पलटवार करेगी?

क्या अनुकृति अपने ससुर हरक सिंह रावत पर राजनीतिक पलटवार करेंगी यही इस पूरी कहानी का सबसे बड़ा सवाल है.अगर भविष्य में हरक सिंह रावत किसी मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरते हैं और भाजपा की ओर से अनुकृति गुसाईं आधिकारिक रूप से जवाब देती हैं,तो मीडिया और राजनीतिक मंचों पर यह मुकाबला निश्चित रूप से आकर्षण का केंद्र बनेगा.
लेकिन असली परीक्षा यह होगी कि अनुकृति व्यक्तिगत रिश्ते की मर्यादा और राजनीतिक जवाबदेही के बीच संतुलन कैसे कायम करती हैं.

क्या अनुकृति गुसाईं हरक के सवालों का तथ्यात्मक जवाब देंगी?

भाजपा की नवनियुक्त प्रवक्ता अनुकृति क्या भाजपा सरकार की उपलब्धियों को आक्रामक तरीके से जनता तक पहुंचाएंगी?
क्या कांग्रेस के आरोपों को उसी धार के साथ काट पाएंगी, जिस धार से हरक सिंह रावत भाजपा पर हमला करते हैं?
इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में मिलेंगे.

2027 से पहले भाजपा का बड़ा राजनीतिक प्रयोग

भाजपा की इस नियुक्ति को सिर्फ प्रवक्ता की नियुक्ति मानना शायद गलत होगा.2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी अपने मीडिया और राजनीतिक नैरेटिव को मजबूत करने में जुटी है.इसी क्रम में आठ नए प्रवक्ताओं की नियुक्ति हुई है.
अनुकृति गुसाईं की नियुक्ति इस सूची में सबसे ज्यादा इसलिए चर्चा में है क्योंकि वह कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत की बहू हैं और हरक सिंह रावत ने इन दिनों भाजपा की नाक में दम किया हुआ हैं.कुल मिलाक़र यदि देखा जाए तो असली मुकाबला बयानबाजी का नहीं, नैरेटिव का हैं.

उत्तराखंड की राजनीति में 2027 की हो चुकी हैं तैयारी

भाजपा सत्ता बचाने के लिए मैदान तैयार कर रही है तो कांग्रेस सत्ता में वापसी के लिए रणनीति बना रही है.इस राजनीतिक लड़ाई में हरक सिंह रावत जैसे अनुभवी और आक्रामक नेता भाजपा के लिए चुनौती बने हुए हैं.अब भाजपा ने उनके सामने उनकी बहू अनुकृति गुसाईं को अपनी आधिकारिक आवाज के रूप में आगे लाकर साफ क़र दिया हैं कि असली 2017 की चुनावी बायनबाजियों की लड़ाई तो अब शुरू होंगी.
सवाल सिर्फ इतना नहीं है कि बहू ससुर के बयानों का जवाब दे पाएगी या नहीं.असली सवाल यह है कि क्या अनुकृति गुसाईं भाजपा के राजनीतिक नैरेटिव को इतनी मजबूती से स्थापित कर पाएंगी कि हरक सिंह रावत जैसे अनुभवी नेता के हमलों का असर कम किया जा सके.2027 की चुनावी जंग जैसे-जैसे करीब आएगी, हरक बनाम भाजपा और अनुकृति बनाम कांग्रेस का यह सियासी मुकाबला उत्तराखंड की राजनीति के सबसे दिलचस्प अध्यायों में शामिल होगा.

असली परीक्षा अब शुरू

प्रदेश प्रवक्ता बनने के बाद अनुकृति गुसाईं के सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा सरकार और संगठन का मजबूती से पक्ष रखना होगी। वहीं कांग्रेस के मंच से हरक सिंह रावत लगातार भाजपा सरकार को घेरते रहे हैं।
यही वजह है कि आने वाले दिनों में अगर किसी मंच पर हरक सिंह रावत बनाम भाजपा की राजनीतिक बहस होती है और भाजपा की तरफ से अनुकृति गुसाईं मोर्चा संभालती हैं, तो यह मुकाबला उत्तराखंड की राजनीति का सबसे दिलचस्प राजनीतिक दृश्य बन सकता है.
सियासी सवाल अब यही है—क्या बहू भाजपा की प्रवक्ता बनकर अपने ससुर के राजनीतिक हमलों का जवाब देंगी, या परिवार का रिश्ता राजनीतिक टकराव की धार को कुछ नरम करेगा?
एक बात साफ है—2027 की जंग से पहले भाजपा ने अनुकृति को फ्रंटफुट पर उतार दिया है.अब उसकी असली परीक्षा बयानबाजी नहीं, बल्कि कांग्रेस और खासकर हरक सिंह रावत के आक्रामक राजनीतिक नैरेटिव का मुकाबला करने में होगी.