राज्य आंदोलन के योद्धा का हमेशा कर्जदार रहेगा उत्तराखंड,दिवाक़र भट्ट की प्रथम पुण्यतिथि पर मंत्री प्रसाद नैथानी ने किया उन्हें नमन

देहरादून। 25 नवम्बर ! हिमांशु बडोनी !

उत्तराखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता एवं फील्ड मार्शल के नाम से पहचान रखने वाले दिवाकर भट्ट की प्रथम पुण्यतिथि पर पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंत्री प्रसाद नैथानी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की हैं.दिवाकर भट्ट को याद करते हुए नैथानी ने कहा कि वह केवल उत्तराखंड राज्य आंदोलन के एक प्रमुख चेहरे नहीं थे, बल्कि पहाड़ की अस्मिता, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई के बुलंद आवाज थे.

मंत्री प्रसाद नैथानी ने एक भावनात्मक जुड़ाव साझा करते हुए कहा कि रिश्ते में दिवाकर भट्ट जी उनके मौसा थे.उनके साथ पारिवारिक रिश्ता होने के साथ ही उत्तराखंड राज्य आंदोलन में उनके संघर्ष और समर्पण को करीब से समझने का अवसर भी मिला. उन्होंने कहा कि दिवाकर भट्ट का व्यक्तित्व और राज्य निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा प्रेरणा देती रहेगी.

उन्होंने कहा कि दिवाकर भट्ट ने उत्तराखंड को अलग राज्य बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया था.वर्ष 1994 के राज्य आंदोलन के दौरान उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही. श्रीयंत्र टापू आंदोलन और खैट पर्वत पर उनका आमरण अनशन उत्तराखंड के संघर्षपूर्ण इतिहास के ऐसे अध्याय हैं, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता.उनके संघर्ष ने आंदोलन को नई ऊर्जा और दिशा देने का काम किया.

1979 में उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापक सदस्यों में रहे शामिल

दिवाकर भट्ट उत्तराखंड क्रांति दल के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे.उन्होंने अलग राज्य की मांग को लेकर पहाड़ से लेकर दिल्ली तक आवाज बुलंद की.वर्ष 1978 में बदरीनाथ से दिल्ली तक पदयात्रा और राज्य आंदोलन के दौरान उनके नेतृत्व ने उन्हें एक अलग पहचान दिलाई. वर्ष 1993 में उत्तराखंड के गांधी इंद्रमणि बडोनी ने उन्हें ‘फील्ड मार्शल’ की उपाधि दी थी.

राज्य निर्माण के बाद भी उत्तराखंड के हितों के लिए करते रहे संघर्ष

दिवाकर भट्ट का योगदान केवल राज्य आंदोलन तक सीमित नहीं रहा.वह पर्वतीय क्षेत्रों के अधिकारों, वन कानूनों में बदलाव और पहाड़ की जमीन की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर लगातार मुखर रहे.वर्ष 2007 में देवप्रयाग विधानसभा से विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्होंने तत्कालीन बीसी खंडूड़ी सरकार में राजस्व मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली.उनके कार्यकाल में भू-कानून को सख्त बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल हुई.

मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि आज उत्तराखंड जिस राज्य के रूप में हमारे सामने है, उसके पीछे दिवाकर भट्ट जैसे आंदोलनकारियों का वर्षों का संघर्ष, त्याग और तपस्या हैं.राज्य की आने वाली पीढ़ियों को भी उनके योगदान और संघर्ष से परिचित कराया जाना चाहिए.
उन्होंने दिवाकर भट्ट को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि पारिवारिक रिश्ते के साथ-साथ राज्य आंदोलन के एक अग्रणी सेनानी के रूप में उनके प्रति उनका सम्मान हमेशा बना रहेगा। उत्तराखंड के इतिहास में फील्ड मार्शल दिवाकर भट्ट का नाम सदैव स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज रहेगा.