बद्रीनाथ धाम में आज साल के अंतिम दर्शन.. पंच पूजा के बाद आज होंगे कपाट बंद

उत्तराखंड |श्री बदरीनाथ धाम|16 नवंबर 2026| हिमांशु बडोनी

विश्व प्रसिद्ध श्री बदरीनाथ धाम के कपाट आज सोमवार 16 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे.इसके साथ ही वर्ष 2026 की बदरीनाथ धाम की नियमित तीर्थयात्रा का विधिवत समापन हो जाएगा.कपाट बंद होने का शुभ मुहूर्त रात्रि 9 बजकर 37 मिनट निर्धारित है.इस बार कपाट बंद होने से पहले पांच दिनों तक पारंपरिक पंच पूजाओं का आयोजन किया गया.हिमालय में बढ़ती ठंड और ताजा बर्फबारी के बीच भगवान बदरी विशाल के अंतिम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है.

पांच दिनों तक चली पंच पूजा की परंपरा, जानिए किस दिन किसकी पूजा हुई

बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने से पहले सदियों पुरानी धार्मिक परंपरा के अनुसार पांच पूजाएं संपन्न कराई गई. 12 नवंबर से शुरू हुई यह प्रक्रिया 16 नवंबर को मुख्य कपाट बंद होने के साथ पूरी होगी.

12 नवम्बर-प्रथम पूजा
भगवान गणेश की विशेष पूजा अर्चना के बाद गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए गणेश जी की मूर्ति को मुख्य मंदिर के गर्भ ग्रह में विराजमान कराया गया.

13 नवम्बर-द्वितीय पूजा

आदि केदारेश्वर मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए गए.

14 नवबर-तृतीय पूजा

खड्ग-पुस्तक पूजन संपन्न हुआ। इसके साथ ही वेद ऋचाओं के नियमित वाचन की प्रक्रिया बंद कर दी गई. अंतिम दिनों में भगवान बदरीविशाल की पूजा गुप्त मंत्रों से की जाती है.

15 नवंबर – चतुर्थ पूजा

माता लक्ष्मी को विशेष कढ़ाई भोग अर्पित किया गया और भगवान बदरीविशाल के गर्भगृह में विराजमान होने के लिए निमंत्रण दिया गया.

16 नवंबर – पंचम पूजा और कपाट बंद

सुबह से भगवान बदरीविशाल के विशेष दर्शन होंगे.रात्रि में रावल सखी वेश धारण कर माता लक्ष्मी को गर्भगृह में विराजमान करेंगे.इसके बाद भगवान कुबेर, उद्धव और गरुड़ जी को गर्भगृह से बाहर लाया जाएगा.पूजा और आरती के बाद रात 9:37 बजे मंदिर के कपाट बंद होंगे.

इस प्रकार बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद भी भगवान की पूजा-अर्चना की परंपरा जारी रहेगी और श्रद्धालु शीतकाल में निर्धारित पूजा स्थलों पर दर्शन कर सकेंगे.

इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने बनाया रिकॉर्ड, सवा 23 लाख से अधिक पहुंचे बदरीविशाल के दरबार

वर्ष 2026 की बदरीनाथ यात्रा श्रद्धालुओं की संख्या के लिहाज से ऐतिहासिक रही है.कपाट बंद होने से ठीक पहले 15 नवंबर को सामने आई जानकारी के अनुसार, इस यात्रा वर्ष में सवा 23 लाख से अधिक श्रद्धालु भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर चुके हैं.14 नवंबर की शाम तक ही श्रद्धालुओं की संख्या 23 लाख 3 हजार 869 पहुंच गई थी.अकेले शुक्रवार को 17,420 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए.अंतिम दिनों में भी प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से धाम में भारी भीड़ देखने को मिली.

श्री बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी बोलें,शीतकालीन यात्रा कों भी करेंगे प्रोत्साहित

बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जाएगा.उन्होंने देश-विदेश के श्रद्धालुओं से बदरीनाथ और केदारनाथ धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों में दर्शन के लिए पहुंचने की अपील भी की.
बीकेटीसी अध्यक्ष ने यात्रा से जुड़े सभी विभागों, अधिकारियों, कर्मचारियों और संस्थाओं के सहयोग को महत्वपूर्ण बताया.
बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बीच आज अंतिम दर्शन
बदरीनाथ धाम में पिछले दिनों हुई ताजा बर्फबारी ने पूरे क्षेत्र को सफेद चादर में ढक दिया है.तापमान में भारी गिरावट के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ है.आज भगवान बदरीविशाल फूलों के विशेष श्रृंगार में भक्तों को दर्शन देंगे.रात्रि साढ़े सात बजे से कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू होगी और निर्धारित मुहूर्त में रात 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे.