कोटद्वार में गुलदार के लगातार हमले,फिर भी नही जागा वन विभाग,बबली की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

कोटद्वार। कोटद्वार में लैंसडाउन डिवीजन की कोटड़ी रेंज के अंतर्गत सनेह क्षेत्र में गुलदार के हमले ने एक बार फिर लोगों को दहला दिया है.सनेह निवासी बबली कोटियाल को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया. बताया जा रहा है कि महिला गांव के समीप जंगल में घास लेने गई थी, इसी दौरान गुलदार ने उस पर हमला कर दिया.इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है.

लगातार हमलों से दहशत, वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

सनेह और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की सक्रियता लगातार चिंता का विषय बनी हुई है.कुछ दिन पहले ही गुलदार ने एक बच्ची पर हमला किया था.इसके बाद दो अन्य घटनाओं में भी लोगों की जान बाल-बाल बची थी.लगातार सामने आ रही घटनाओं के बावजूद गुलदार के आतंक पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है.
ग्रामीणों का कहना है कि आखिर कब तक लोग अपनी जान जोखिम में डालकर जंगल और खेतों में जाने को मजबूर रहेंगे? लगातार हो रही घटनाओं ने वन विभाग की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

विधायक ऋतु भूषण को करना पड़ा जनता के आक्रोश का सामना

ग्रामीणों की नाराजगी के बीच विधायक ऋतु भूषण ने वन विभाग के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई.उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जाहिर करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी.
विधायक ने स्पष्ट किया कि लोगों की जान की सुरक्षा सर्वोपरि है और इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.स्थानीय विधायक ऋतु भूषण नें इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों कों भरोसा दिलाया कि जब तक आमदखोर गुलदार मारा नहीं जाता तब तक वन विभाग की सभी टीमे गांव में गश्त करती रहेंगी.

गुलदार को मारने के आदेश जारी, क्षेत्र में तैनात होंगे शूटर

लगातार बढ़ती घटनाओं और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ऋतु भूषण के कड़े तेवरों के बाद वन विभाग की ओर से आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी किए गए हैं.इसके लिए क्षेत्र में शूटर तैनात किए जाने की तैयारी है।.जल्द ही शूटर क्षेत्र में पहुंचकर अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।
बड़ा सवाल: आखिर कब थमेगा गुलदार का आतंक?
सनेह क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अब लोगों की निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि शूटरों की तैनाती और विभाग की सक्रियता से गुलदार के आतंक से राहत मिलेगी। हालांकि सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या इस बार वन विभाग की कार्रवाई लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिला पाएगी?