यमकेश्वर/ऋषिकेश/देहरादून, 20 नवंबर। हिमांशु बडोनी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन से उत्तराखंड सहित देशभर में शोक की लहर है. मां के स्नेह, संस्कार और आशीर्वाद से जुड़ी इस भावुक घड़ी में श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मां को खोने का दुःख ऐसा होता है, जिसकी भरपाई जीवन में कभी संभव नहीं है.मां का आंचल, उनका स्नेह और उनका आशीर्वाद इंसान के जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होते हैं.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन का समाचार मिलने पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने गहरा शोक व्यक्त किया.वह 20 नवंबर को पौड़ी गढ़वाल जनपद के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक गांव पंचुर पहुंचे।.यहां उन्होंने दिवंगत सावित्री देवी के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी.
इस अवसर पर हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि जीवन की वह शक्ति होती हैं, जिसके आशीर्वाद से व्यक्ति कठिन से कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस जुटाता है. मां की ममता, त्याग, तपस्या और संस्कार ही संतान के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं.जीवन में कितना भी बड़ा मुकाम हासिल कर लिया जाए, लेकिन मां का सानिध्य और उनके आशीर्वाद की कमी कभी पूरी नहीं हो सकती.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के लिए यह अत्यंत कठिन और भावुक क्षण है. सार्वजनिक जीवन में व्यक्ति कितना ही बड़ा दायित्व क्यों न निभा रहा हो, मां के जाने का दुःख उसके जीवन की सबसे व्यक्तिगत और गहरी पीड़ा होती है.इस दुःख को शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है.
द्विवेदी ने कहा कि इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और उनके समस्त परिवार के साथ हैं.मां के रूप में परिवार ने एक ऐसी छाया खो दी है, जिसका स्नेह और आशीर्वाद हमेशा जीवन को संबल देता है.
उन्होंने भगवान बदरीविशाल और बाबा केदारनाथ से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी और समस्त शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति और धैर्य दें।
पंचुर गांव पहुंचकर अंतिम दर्शन और पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हेमंत द्विवेदी ने उत्तराखंड की धरती से जुड़े इस शोक के अवसर पर अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं.






