जंगलों का बिगड़ा संतुलन तो आबादी में पहुंचने लगें शिकारी,उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष के डराने वाले हैं आंकड़े

उत्तराखंड देहरादून। 24 नवम्बर ! हिमांशु बडोनी

उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है.पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक गुलदार, भालू, हाथी और बाघ के हमलों की घटनाएं लोगों के लिए बड़ी चिंता बन गई हैं. आए दिन सामने आ रही घटनाओं में कहीं ग्रामीण अपनी जान गंवा रहे हैं तो कहीं खेतों में काम करने वाले किसान और जंगलों में चारा-पत्ती लेने जाने वाले लोग वन्यजीवों के हमलों का शिकार हो रहे हैं.

इस गंभीर समस्या के बीच पद्म भूषण से सम्मानित प्रख्यात पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के पीछे जंगलों की बिगड़ती प्राकृतिक व्यवस्था और फूड चेन के असंतुलन को महत्वपूर्ण वजह बताया है.
डॉ. जोशी के अनुसार, जंगलों की बेहतर वन श्रृंखला और प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला का गड़बड़ाना जंगली जानवरों के व्यवहार को प्रभावित कर रहा है।.जब जंगलों का प्राकृतिक संतुलन बिगड़ता है और वन्यजीवों के लिए भोजन तथा अनुकूल वातावरण की उपलब्धता प्रभावित होती है तो उनके व्यवहार में बदलाव आने की आशंका बढ़ जाती है.इसका असर यह होता है कि जंगली जानवर भोजन और अन्य जरूरतों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने लगते हैं.ऐसे में इंसानों और वन्यजीवों के बीच टकराव की स्थितियां पैदा होती हैं. यही वजह है कि आज कई इलाकों में जंगली जानवर लोगों की जिंदगी के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं.

आंकड़े डराने वाले, उत्तराखंड में हर साल जा रही लोगों की जान

उत्तराखंड में मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता सरकारी आंकड़ों से भी समझी जा सकती है.
6 अक्टूबर 2026 को ज़ारी एक रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी से 30 सितंबर 2026 तक प्रदेश में वन्यजीवों के हमलों में 55 लोगों की मौत हुई, जबकि 407 लोग घायल हुए.
इन मौतों में सबसे अधिक 17 लोग गुलदार के हमलों में मारे गए. इसके अलावा बाघ के हमलों में 12, सांप के काटने से 10, हाथियों के हमलों में 9, भालू के हमलों में 4 और मगरमच्छ के हमलों में 3 लोगों की जान गई.वहीं, प्रदेश में मानव-वन्यजीव संघर्ष का दीर्घकालिक आंकड़ा भी बेहद चिंताजनक है.

मार्च 2026 में विधानसभा में वन मंत्री सुबोध उनियाल की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, राज्य गठन से 31 जनवरी 2026 तक वन्यजीवों के हमलों में 1,296 लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि 6,624 लोग घायल हुए थे.
ये आंकड़े बताते हैं कि मानव-वन्यजीव संघर्ष अब केवल जंगलों के आसपास बसे गांवों की समस्या नहीं रह गया है, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए एक गंभीर सामाजिक और पर्यावरणीय चुनौती बन चुका है.

पौड़ी जिले में सबसे ज्यादा चिंता, गुलदार और भालू के हमलों से ग्रामीण परेशान

पौड़ी गढ़वाल जिला लंबे समय से मानव-वन्यजीव संघर्ष के संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल रहा है. कोटद्वार, लैंसडौन, दुगड्डा, रिखणीखाल और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुलदार और भालू की मौजूदगी लोगों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है.
हाल के दिनों में सनेह क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में गुलदार के हमलों की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है.जंगलों में चारा लेने जाने वाली महिलाएं, खेतों में काम करने वाले किसान और स्कूल जाने वाले बच्चे भी कई क्षेत्रों में असुरक्षा महसूस कर रहे हैं.
ऐसे में सवाल केवल वन विभाग की तात्कालिक कार्रवाई का नहीं है, बल्कि इस समस्या के स्थायी समाधान का भी है.

क्या जंगलों में भोजन और पानी की कमी बदल रही है वन्यजीवों का व्यवहार?

पर्यावरण विशेषज्ञों के सामने सबसे महत्वपूर्ण सवाल यह है कि आखिर जंगलों के भीतर ऐसी कौन सी परिस्थितियां बन रही हैं, जिनके चलते वन्यजीव आबादी की तरफ आने को मजबूर हो रहे हैं?
जंगलों का विखंडन, प्राकृतिक आवासों पर बढ़ता दबाव, वन्यजीव कॉरिडोर में बाधाएं, पानी और भोजन की उपलब्धता तथा मानव गतिविधियों का विस्तार इस संघर्ष को प्रभावित करने वाले कारक हो सकते हैं.
डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की फूड चेन और वन श्रृंखला को लेकर जताई गई चिंता इसी व्यापक पारिस्थितिक समस्या की ओर ध्यान आकर्षित करती है.

केवल वन्यजीव पकड़ने से नहीं निकलेगा स्थायी समाधान

मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं के बाद अक्सर वन विभाग की ओर से पिंजरे लगाने, गश्त बढ़ाने और प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी जैसे कदम उठाए जाते हैं.ये तात्कालिक परिस्थितियों में जरूरी हो सकते हैं, लेकिन दीर्घकालिक समाधान के लिए जंगलों के प्राकृतिक संतुलन को समझना भी आवश्यक है.
वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों का संरक्षण, जंगलों में भोजन और पानी की उपलब्धता, सुरक्षित वन्यजीव कॉरिडोर, वैज्ञानिक निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था पर एक साथ काम करना होगा.
उत्तराखंड जैसे वन और जैव विविधता से समृद्ध राज्य में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाना भी बेहद जरूरी है.